
ब्यावरा/सुठालिया।ब्यावरा-सुठालिया मार्ग पर घुरेल धाम स्थित भगवान पशुपतिनाथ मंदिर धाम पर भव्य मंदिर निर्माण को लेकर बुधवार मंदिर समिति द्वारा बैठक रखी गई जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन शामिल हुए. निर्णय लिया गया कि मंदिर धाम क्षेत्र में आने वाले गांव, नगर, कस्बे के प्रत्येक घर, परिवार से मंदिर निर्माण में अपनी-अपनी श्रद्धानुसार सहयोग रहे. इस तरह सभी के सहयोग से घुरेल धाम पर एक विशाल और भव्य मंदिर का निर्माण होगा.
1 नवंबर को घुरेल पर भव्य मंदिर निर्माण हेतु आधार शिला रखी जाना है. इसको देखते हुए बुधवार को बैठक रखी गई. जिसमें आपसी चर्चा एवं सुझाव तथा मार्गदर्शन लिया गया.
विशेष बात यह रही कि बैठक में निर्णय लिया गया कि मंदिर धाम के आसपास आने वाले 52 गांव, सुठालिया एवं ब्यावरा से सभी श्रद्धालुओं की और से मंदिर निर्माण के लिए अपनी श्रद्धा एवं स्वेच्छानुसार सहयोग मिले तो इससे मंदिर निर्माण में सभी की सहभागिता होगी.
बैठक में जनप्रतिनिधि, प्रबुद्धजन, व्यापारीगण, विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग, गांव के पटेल, सरपंच, जनप्रतिनिधियों ने शामिल होकर अपने विचार रखे. गौरतलब है कि घुरेल धाम क्षेत्र के आसपास लगभग 52 गांव एवं ब्यावरा तथा सुठालिया नगर है.
बैठक में राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार, पूर्व विधायक रामचंद्र दांगी, पूर्व जिपं अध्यक्ष जसवंत गुर्जर, डा. विश्वनाथ दांगी, मान सिंह टोंका, पूर्व एसडीएम आलोक कुमार सिंह सहित विभिन्न दल, संगठनों के सदस्यगण, श्रद्धालुजन उपस्थित रहे. सभी ने बारी-बारी से अपने विचार रखते हुए सुझाव दिए.
पुजारी बद्रीनाथ महाराज द्वारा मंदिर स्थापना से लेकर आज तक की जानकारी से अवगत कराया. श्याम सिंह चौहान ने समिति के कार्यों का लेखा- जोखा प्रस्तुत किया. विनोद शर्मा ने संचालन किया. समिति के अध्यक्ष होकम सिंह सोंधिया ने आभार माना.
