
भोपाल। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व सांसद अरुण सिंह ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने भारत को परमाणु शक्ति संपन्न बनाकर देश को विश्व मंच पर सम्मान दिलाया। वे शनिवार को दक्षिण-पश्चिम विधानसभा के मानस भवन में अटल जी की जन्मशताब्दी वर्ष पर आयोजित अटल स्मृति सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
अरुण सिंह ने कहा कि अटल जी के विचार, राष्ट्रनिष्ठा और सुशासन आज भी प्रासंगिक हैं। विदेशी दबावों के बावजूद परमाणु परीक्षण कर उन्होंने राष्ट्र प्रथम की भावना का परिचय दिया। उन्होंने ग्रामीण भारत को सड़कों से जोड़ने के लिए प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना और जनजातीय सशक्तिकरण के लिए जनजातीय कार्य मंत्रालय की स्थापना जैसे ऐतिहासिक निर्णय लिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अटल जी के विकसित भारत के सपने को आगे बढ़ा रहे हैं। सम्मेलन को विधायक भगवानदास सबनानी सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।
