बाणसागर बांध का जलस्तर बढ़ा, खोले गए तीन गेट

सीधी। बाणसागर बांध का जलस्तर बढ़ने पर तीन गेट खोले गए हैं। बाणसागर बांध के गेट खुलने को लेकर अलर्ट मोड आये जिला प्रशासन ने पूर्व में प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सूचना जारी कर सुरक्षा के निर्देश दिये थे । बाणसागर बांध का जलस्तर लगातार बढ़ने के बीच बांध के तीन रेडियल गेट खोल दिए गए हैं। बांध के 88 प्रतिशत भराव और 340.76 मीटर जलस्तर पर पूर्ण भराव से पहले ही पानी की नियंत्रित निकासी शुरू की गई है। सोमवार रात 8:25 बजे रेडियल गेट क्रमांक 7, 8 और 9 को करीब आधा-आधा मीटर खोला गया। इन गेटों से करीब 300 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जा रहा है।

जल संसाधन विभाग के अनुसार, पहले गेट क्रमांक 9, 10 और 11 खोलने की योजना थी, लेकिन गेट खोलने के निर्णय में परिवर्तन करते हुए रात 8:25 बजे गेट क्रमांक 9, 8 और 7 खोले गए। प्रत्येक गेट को करीब आधा मीटर तक खोला गया है। दरअसल बारिश के सीजन में बाणसागर बांध के जलस्तर में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही थी। 23 अगस्त की सुबह बांध का जलस्तर 340.05 मीटर था, जो 24 अगस्त की सुबह 8 बजे बढ़कर 340.58 मीटर और दोपहर 12 बजे 340.64 मीटर पहुंच गया था। इसके बाद जलस्तर 340.76 मीटर तक पहुंचने पर नियंत्रित जल निकासी शुरू की गई। बांध से पानी छोड़े जाने के मद्देनजर सोननदी के जलस्तर में तेजी से वृद्धि होने लगी है। सीधी, शहडोल और सिंगरौली जिलों में प्रशासन को अलर्ट किया गया है। निचले इलाकों और तटवर्ती गांवों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। जल संसाधन विभाग और प्रशासन की टीमें बांध के जलस्तर तथा पानी के बहाव पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। लोगों से नदी और जलभराव वाले निचले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।

 

रामपुर नैकिन से अमिलिया तक जारी किया गया अलर्ट-

 

सीधी जिले के रामपुर नैकिन से लेकर अमिलिया, सिहावल क्षेत्र के सोन नदी के निचले इलाकों में बसे गांवों के लिए बाणसागर बांध के गेटों को खोले जाने के पूर्व ही अलर्ट जारी किया गया है। अलर्ट जारी किए गए गांवों में रामपुर नैकिन तहसील के शिकारगंज, चंदरेह, गुजरेड, घुंघुटा, झगरी, झाला, डिठौरा, भितरी, खैरा, हनुमानगढ़, बेल्दह, अकौरी सहित अन्य गांव शामिल हैं। वही जनपद पंचायत सिहावल क्षेत्र में ढ़ाबा, तरिहा, खड़बड़ा, परसौना कला, परसौना खुर्द, दुरांव आबाद, दुरांव वीरान, रामनगर कला, रामनगर खुर्द, बमुरी, सिहावल, गेरुआ, मेढ़ौली, बघोर, सोनतीर पटेहरा, रामडीह, मरसरहा, परसवार, कुनझुन कला, नकझर कला, नकझर खुर्द, खुटेली, बिछरी आदि में प्रशासनिक स्तर से संंबंधित गांवों में मुनादी कराकर सोन नदी का जल स्तर बढऩे एवं सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। मुनादी कराने एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर राजस्व विभाग द्वारा विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। बाणसागर बांध से हर वर्ष गेटों के खोले जाने के बाद सोन नदी के जल स्तर में काफी वृद्धि हो जाती है। सोन नदी के किनारे बसे गांवों के अधिकांश लोगों को उक्त खतरे की जानकारी रहती है। इस वजह से वह पूर्व से ही सोन नदी के आसपास जाने से दूरी बनाए रहते हैं। संबंधित ग्रामों के ग्रामीण पालतू मवेशियों को भी नदी के किनारे नहीं जाने देते। बाणसागर बांध से पानी छोड़े जाने को लेकर प्रशासन पहले से ही पूरी तरह से अलर्ट मोड में है। आवारा मवेशियों को भी सोन नदी के किनारे जाने से रोंकने के लिए ग्रामीणों से मदद मांगी गई है।

 

इनका कहना है-

 

हमारे बाण सागर बांध का जल स्तर 340.76 मीटर हो गया था। यह बांध की जल भराव क्षमता का 88 प्रतिशत था। हमें अभी 29 अगस्त को हैवी रैंस के ब्राडकास्ट मिले हुए हैं। बाण सागर बांध के चारो तरफ शहडोल, उमरिया और अनूपपुर में हैवी रैंस के ब्राडकास्ट मिले है। हम अभी बांध के तीन गेट से सेफ्टी के हिसाब से 300 क्यूमेक्स पानी सेफ्टी के हिसाब से निकाल रहे हैं।

 

– बी.के. सिंह अधीक्षण यंत्री

पक्का बांध मण्डल बाणसागर देवलौद,

जल संसाधन विभाग

Next Post

डीएमआरसी ने सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर के शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन पर निर्माण कार्य आरंभ किया

Tue Aug 25 , 2026
नयी दिल्ली 25 अगस्त (वार्ता) दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने मंगलवार को सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर के अंतर्गत शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन पर निर्माण कार्य आरंभ किया। शिवाजी स्टेडियम स्टेशन का निर्माण फेज़-5(ए) के अंतर्गत जनकपुरी पश्चिम से आर.के. आश्रम मार्ग तक मौजूदा मैजेंटा लाइन के विस्तार के एक भाग […]

You May Like