डीएमआरसी ने सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर के शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन पर निर्माण कार्य आरंभ किया

नयी दिल्ली 25 अगस्त (वार्ता) दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने मंगलवार को सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर के अंतर्गत शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन पर निर्माण कार्य आरंभ किया।
शिवाजी स्टेडियम स्टेशन का निर्माण फेज़-5(ए) के अंतर्गत जनकपुरी पश्चिम से आर.के. आश्रम मार्ग तक मौजूदा मैजेंटा लाइन के विस्तार के एक भाग के रूप में किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू भी उपस्थित थे।

इस अवसर पर उपराज्यपाल ने कहा, “आज शिवाजी स्टेडियम साइट पर कार्य का शुभारंभ दिल्ली मेट्रो की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। मैंने उस दौर की दिल्ली भी देखी है, जब यहाँ मेट्रो नहीं थी। मेट्रो के आगमन और उसके निरंतर विस्तार ने दिल्ली की तस्वीर बदल दी है। दिल्ली मेट्रो की प्रगति और विस्तार की इस यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए हम हर आवश्यक सहयोग और सहायता प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।”

शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन एक भूमिगत स्टेशन होगा और एक महत्त्वपूर्ण इंटरचेंज सुविधा प्रदान करेगा। यहाँ मैजेंटा लाइन के नए स्टेशन को 230 मीटर लंबी भूमिगत सब-वे के माध्यम से मौजूदा शिवाजी स्टेडियम एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन स्टेशन के साथ निर्बाध रूप से जोड़ा जाएगा। इससे यात्रियों को दोनों मेट्रो कॉरिडोरों के बीच सुविधाजनक इंटरचेंज की सुविधा प्राप्त होगी।

इसके अतिरिक्त, शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन को ट्रैवलेटरयुक्त 800 मीटर लंबी भूमिगत सब-वे के माध्यम से राजीव चौक मेट्रो स्टेशन से जोड़ा जाएगा। इससे यात्रियों को दोनों स्टेशनों के बीच निर्बाध और सुविधाजनक पैदल संपर्क उपलब्ध होगा। इस मेट्रो स्टेशन से आसपास के क्षेत्रों में कार्यरत कर्मचारियों, विद्यार्थियों, गुरुद्वारा बंगला साहिब आने वाले श्रद्धालुओं तथा एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर यात्रा करने वाले यात्रियों को विशेष रूप से लाभ मिलने की संभावना है। यहाँ निर्माण कार्य की जिम्मेदारी मैसर्स एफकॉन्स इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड को सौंपी गई है।

सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर की कुल लंबाई लगभग 9.913 किलोमीटर होगी और इसमें नौ भूमिगत स्टेशन होंगे: शिवाजी स्टेडियम, युगे युगीन भारत, केंद्रीय सचिवालय, कर्तव्य भवन, इंडिया गेट, वॉर मेमोरियल-हाई कोर्ट, बड़ौदा हाउस, भारत मंडपम और इंद्रप्रस्थ। सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर के अंतर्गत शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन पर निर्माण कार्य का आरंभ मध्य नई दिल्ली में मेट्रो संपर्क के विस्तार की दिशा में एक और महत्त्वपूर्ण उपलब्धि है। इसी कॉरिडोर के केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन पर निर्माण कार्य 24 जून, 2026 को आरंभ किया गया था।

.....

Next Post

बाइक की सीट में छिपाकर रखी थी 25 ग्राम एमडी, क्राइम ब्रांच ने दबोचा

Tue Aug 25 , 2026
इंदौर. डीआरपी लाइन के पीछे संदिग्ध हालत में बाइक लेकर खड़े युवक की तलाशी में क्राइम ब्रांच को 25.02 ग्राम एमडी ड्रग्स मिली. आरोपी ने नशीला पदार्थ बाइक की सीट के कवर के अंदर छिपा रखा था. पुलिस ने एमडी और बाइक समेत करीब तीन लाख रुपए का माल जब्त […]

You May Like