
इंदौर. डीआरपी लाइन के पीछे संदिग्ध हालत में बाइक लेकर खड़े युवक की तलाशी में क्राइम ब्रांच को 25.02 ग्राम एमडी ड्रग्स मिली. आरोपी ने नशीला पदार्थ बाइक की सीट के कवर के अंदर छिपा रखा था. पुलिस ने एमडी और बाइक समेत करीब तीन लाख रुपए का माल जब्त कर बेटमा निवासी युवक को गिरफ्तार किया है.
आरोपी की पहचान पृथम शाक्तावत निवासी बेटमा के रूप में हुई है. वह नौवीं तक पढ़ा है और प्रिंटिंग प्रेस में मजदूरी करता है. क्राइम ब्रांच की टीम सोमवार को शिवालय मार्ग स्थित सुलभ कॉम्प्लेक्स के पास संदिग्धों की जांच कर रही थी. इसी दौरान काले रंग की स्प्लेंडर बाइक लेकर खड़ा पृथम पुलिस को संदिग्ध लगा. पूछताछ के बाद टीम ने बाइक की तलाशी ली. बाइक की सीट के कवर के अंदर पारदर्शी पन्नी में 25.02 ग्राम एमडी ड्रग्स मिली. आरोपी के पास इसे रखने या ले जाने का कोई वैध दस्तावेज नहीं था. पुलिस ने ड्रग्स, बाइक और मोबाइल जब्त कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है. आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि एमडी कहां से लाई गई थी और इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी. पुलिस उसके संपर्कों और ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी भी जुटा रही है. मामले में डीसीपी क्राइम राजेश त्रिपाठी ने नव भारत को बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है. पकड़े गए आरोपी से ड्रग्स के स्रोत और उसके नेटवर्क से जुड़े लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है. जांच में सामने आने वाले अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.
