इटारसी। नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने मंगलवार को वार्ड क्रमांक 33 का दौरा किया। उनके साथ पार्षद प्रतिनिधि रमेश धूरिया भी मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन पार्क का निरीक्षण कर अधिकारियों को कार्य की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही वार्ड में बन रही नालियों की स्थिति का भी जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष चौरे ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे स्वयं अपने चबूतरों को हटा लें या फिर नगरपालिका की कार्रवाई में सहयोग करें, ताकि सड़क की चौड़ाई सुनिश्चित हो सके और विकास कार्य बाधित न हों।
इससे पूर्व सुबह 8 बजे उन्होंने मालवीय गंज मुख्य मार्ग पर विश्वकर्मा मंदिर के सामने जलभराव की समस्या का निराकरण किया। उन्होंने नाली पर किए गए अतिक्रमण को हटवाकर जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करवाई।
अध्यक्ष चौरे ने स्पष्ट कहा कि नगर के विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की बाधा स्वीकार्य नहीं होगी और नागरिकों की सुविधा को हमेशा प्राथमिकता दी जाएगी।
