भोपाल, 23 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने डेस्टिनेशन कैबिनेट की ऐतिहासिक पहल की है। यह डेस्टिनेशन कैबिनेट लोकमाता देवी अहिल्याबाई की 300 वीं जयंती को समर्पित होगी।
डॉ़ यादव ने कहा कि डेस्टिनेशन कैबिनेट की पहल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पर्यटन को बढ़ावा देने की अवधारणा को भी धरातल पर साकार करती है। उन्होंने कहा कि 24 जनवरी को लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की नगरी महेश्वर में राज्य सरकार कैबिनेट की बैठक करने जा रही है, जो देवी अहिल्याबाई की 300वीं जयंती वर्ष को समर्पित होगी।
उन्होंने कहा कि देवी अहिल्याबाई का सम्पूर्ण जीवन लोक-कल्याण और सुशासन को समर्पित रहा है। प्रदेश सरकार उनके द्वारा महिला सशक्तिकरण, किसान-कल्याण, सुशासन की दिशा में दिखाए मार्ग पर चलकर समग्र विकास को चरितार्थ करने के लिये संकल्पित है। उनके सिद्धातों एवं आदर्श राज्य की नीति एवं निर्माण में समाहित किया जायेगा। उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए महिला नेतृत्व और सशक्तिकरण की दिशा में सरकार ने प्रभावी कदम बढाए हैं।
