विजिलेंस टीम ने काशी एक्सप्रेस में पकड़ा फर्जी टीटीई 

जबलपुर। यात्रियों की सुरक्षा और टिकट जांच व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से पश्चिम मध्य रेलवे, जबलपुर मंडल द्वारा सतर्कता विभाग, टिकट चेकिंग स्टाफ और आरपीएफ के संयुक्त विशेष अभियान में ट्रेनों में फर्जी टीटीई बनकर यात्रियों से अवैध वसूली करने वाले एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। रेलवे को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि एक व्यक्ति लंबी दूरी की ट्रेनों में खुद को टीटीई बताकर यात्रियों के टिकट जांचता, उन पर फर्जी सील लगाता और अवैध रूप से पैसे वसूलता है। शिकायतों के आधार पर गठित जांच दल ने सतना से इटारसी रेलखंड तक कई दिनों तक गोपनीय निगरानी की। 21/22 जुलाई की रात करीब 2 बजे ट्रेन संख्या 15018 काशी एक्सप्रेस के स्लीपर कोच एस-1 में सोहागपुर स्टेशन से ट्रेन रवाना होने के बाद जांच दल ने एक संदिग्ध व्यक्ति को यात्रियों के टिकट जांचते हुए पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान अरुण कुमार यादव (54), निवासी सोहागपुर, जिला नर्मदापुरम के रूप में हुई। तलाशी में उसके पास से दो फर्जी रेलवे सील, यात्रियों से वसूले गए 3,500 रुपये नकद, डब्ल्यूसीआरएमएस यूनियन का कार्ड, सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर के नाम का पहचान पत्र, पिस्टल जैसी दिखने वाली प्लास्टिक लाइटर तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वह फर्जी सीलों का इस्तेमाल कर खुद को रेलवे का अधिकृत कर्मचारी बताकर यात्रियों को गुमराह करता था।

इटारसी को दी गई जानकारी

घटना की सूचना तत्काल भोपाल कमर्शियल कंट्रोल के माध्यम से इटारसी स्टेशन को दी गई। ट्रेन के इटारसी पहुंचने पर आरोपी को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के सुपुर्द कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

Next Post

परिवहन विभाग की सख्ती,कार्रवाई से 10 लाख राजस्व वसूली

Wed Jul 22 , 2026
सिंगरौली । जिले में ओवरलोडिंग, खुले में सामग्री परिवहन और परिवहन नियमों के उल्लंघन पर परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। जहां विशेष जांच अभियान चलाते हुए नियमों की अनदेखी करने वाले वाहनों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की। इस अभियान के दौरान 10 लाख रुपये से अधिक का शासकीय […]

You May Like