भोपाल: भारतीय नव वर्ष के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री निवास में गुड़ी पड़वा का उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मराठी संस्कृति और परंपराओं की सुंदर झलक देखने को मिली, जहां विट्ठल के अभंगों की मधुर गूंज से पूरा परिसर भक्तिमय हो गया।
इस दौरान जय भवानी, जय शिवाजी के नारों से माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा। समग्र मराठी समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का पारंपरिक रीति से स्वागत किया और उन्हें ससम्मान पेशवाई पगड़ी पहनाई।
मराठी समाज द्वारा मुख्यमंत्री को गुड़ी पड़वा के प्रतीक स्वरूप गुड़ी भी भेंट की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर नव वर्ष के इस पर्व को उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया।
