
रीवा । जिले के बिछिया थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। छुट्टी पर घर आए सेना के 28 वर्षीय जवान सचिन द्विवेदी की सिलपरा नहर में डूबने से मौत हो गई। जवान अपने भाई और बहन के साथ नहर किनारे घूमने गया था, तभी अचानक पैर फिसलने से वह तेज बहाव में बह गया।
कैसे हुआ हादसा
बघवार गांव निवासी सचिन द्विवेदी कुछ दिन पहले ही छुट्टी लेकर घर आए थे। बुधवार सुबह करीब 8 बजे वे अपने भाई और बहन के साथ सिलपरा नहर के किनारे टहलने गए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नहर की पटरी पर चलते वक्त अचानक सचिन का पैर फिसल गया। खुद को संभालने से पहले ही वे नहर के तेज बहाव की चपेट में आ गए और गहरे पानी में समा गए। भाई-बहन के शोर मचाने पर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक जवान बहाव में ओझल हो चुका था।
रेस्क्यू में जुटा प्रशासन
घटना की सूचना मिलते ही बिछिया थाना प्रभारी राजीव अग्रवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। नहर में पानी का स्तर और बहाव बेहद तेज होने के कारण स्थानीय स्तर पर रेस्क्यू संभव नहीं हो सका। इसके बाद तुरंत SDRF की टीम को बुलाया गया। SDRF के गोताखोरों ने पुलिस की मौजूदगी में नहर के किनारे और गहरे पानी में लगातार सर्चिंग ऑपरेशन चलाया, लेकिन खबर लिखे जाने तक जवान का कोई सुराग नहीं लग पाया है। पानी का दबाव और बहाव इतना तेज है कि गोताखोरों को भारी मशक्कत करनी पड़ रही है।
परिवार में मचा कोहराम
सचिन द्विवेदी सेना में जवान थे और देश सेवा कर रहे थे। छुट्टी पर घर आने के कुछ दिन बाद ही हुए इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां-बाप और भाई-बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है। सचिन के पिता ने बताया कि वह 2 साल बाद छुट्टी पर आया था। घर में शादी की तैयारी चल रही थी।
बिछिया पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में नहर, नदी और तालाबों के किनारे न जाएं। पानी का बहाव कब तेज हो जाए, कहा नहीं जा सकता। बच्चों को भी इन जगहों से दूर रखें। SDRF का सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।
