
देवास। जिला जेल में उस समय हड़कंप मच गया जब जिला अस्पताल का बाबू डॉक्टर की वेशभूषा पहनकर जेल परिसर में घुस गया। मामले का खुलासा होते ही जेल प्रशासन ने संदिग्ध को पकड़कर पुलिस के हवाले किया।
जांच में सामने आया कि आरोपी सुरेश शिंदे, सहायक ग्रेड-2, जिला अस्पताल देवास में पदस्थ है। उसने कथित रूप से डॉक्टर की ड्रेस और फर्जी दस्तावेज का सहारा लेकर जेल के भीतर प्रवेश किया। आरोपी की हरकत को गंभीर सुरक्षा चूक मानते हुए जेल प्रबंधन ने तत्काल इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतवाली में धारा 319(2), 336(3) और 340(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। साथ ही, स्वास्थ्य विभाग ने भी शिंदे के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी है।
अधिकारियों का कहना है कि यह घटना जेल की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े करती है। वहीं, प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
