
सीधी । देव प्रबोधिनी एकादशी का पर्व जिलेभर में पारम्परिक उल्लास और धार्मिक आस्था के साथ छोटी दीपावली के रूप में मनाया गया। सुबह से ही घरों में पर्व की तैयारियां शुरू हो गई थीं। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीहरि विष्णु एवं तुलसी माता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। शाम ढलते ही घरों के आंगन और दरवाजों पर रंगोली सजाई गई तथा दीपकों की कतारों से घर-आंगन रोशन हो उठे।
शहर से लेकर गांवों तक दीपोत्सव जैसा नजारा देखने को मिला। बच्चों और युवाओं ने आतिशबाजी कर पर्व की खुशियां मनाईं। वहीं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने एकादशी का व्रत रखकर धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया। देव प्रबोधिनी एकादशी को हिन्दू धर्म में विशेष पुण्यदायी तिथि माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी को भगवान विष्णु सहित समस्त देवी-देवता चार माह की योगनिद्रा से जागते हैं। इसी के साथ चातुर्मास का समापन और मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है। इसे देवोत्थान एकादशी और हरि प्रबोधिनी एकादशी के नाम से भी जाना जाता है।
श्रद्धालुओं ने भगवान विष्णु की पूजा के साथ तुलसी माता का पूजन किया तथा घरों में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
शकरकंद और गन्ने की खरीददारी को उमड़े लोग
देवउठनी एकादशी पर शकरकंद और गन्ने का विशेष महत्व होने के कारण बाजार में इनकी जमकर खरीदारी हुई। धार्मिक परंपरा के अनुसार शकरकंद को भगवान को प्रसाद के रूप में अर्पित किया जाता है। वहीं गन्ने का पूजन कर उसे घर लाने की परंपरा भी निभाई गई। इसी वजह से शहर के प्रमुख बाजारों और सडक़ों के किनारे शकरकंद एवं गन्ने की दुकानें सजी रहीं। शकरकंद सुबह करीब 40 रुपये किलो से बिकना शुरू हुआ, जबकि देर शाम तक इसकी कीमत घटकर 25 रुपये किलो तक पहुंच गई। गन्ने की बिक्री 40 से 50 रुपये प्रति नग तक हुई।
बाजारों में उमड़ी भीड़, सडक़ों पर बढ़ा दबाव
पर्व को लेकर पिछले एक सप्ताह से बाजारों में खरीदारी का माहौल बना हुआ था। गांधी चौक से लगे मार्गों सहित संजीवनी पालिका बाजार क्षेत्र में शकरकंद और गन्ने की दुकानें बड़ी संख्या में लगाई गई थीं। सुबह से शाम तक खरीददारों की भीड़ बनी रही। ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए शहर पहुंचे। दुकानों के सामने ग्राहकों की भीड़ और सडक़ किनारे लगी अस्थायी दुकानों के कारण कई स्थानों पर आवागमन भी प्रभावित हुआ।
इनका कहना है
देवउठनी एकादशी का व्रत हमारे परिवार की सुख-समृद्धि के लिए बहुत खास है। सुबह से ही हम पूजा की तैयारियों में जुट गए थे। शाम को आंगन में रंगोली सजाकर और दीप जलाकर बिल्कुल छोटी दीपावली जैसा उत्सव मनाया गया। परम्परा के अनुसार भगवान विष्णु और तुलसी माता की पूजा कर गन्ने और शकरकंद का भोग लगाया गया। अब देव जाग गए हैं, तो घर में शुभ और मांगलिक कार्यों की शुरुआत भी हो जाएगी।
श्रीमती आराधना पाण्डेय, स्थानीय श्रद्धालु
मैंने आज एकादशी का व्रत रखा है। पूजा के लिए शकरकंद और गन्ना बहुत जरूरी होता है इसलिए सुबह ही गांधी चौक बाजार से इनकी खरीदारी की। बाजार में आज काफी रौनक और भीड़ देखने को मिली। शाम को पूरे परिवार के साथ मिलकर तुलसी चौरा पर दीप जलाए और भगवान श्रीहरि से सबके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।
श्रीमती आरती द्विवेदी, व्रती महिला
