
नीमच। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी विशेष अभियान के तहत नीमच सिटी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आर्टिगा कार से 40 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर कुल 12 लाख 10 हजार रुपये कीमत का मश्रुका जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक नीमच श्री राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुश्री किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी नीमच सिटी निरीक्षक विजय सागरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
नाकाबंदी के दौरान पकड़ी आर्टिगा कार
पुलिस के अनुसार 18 अगस्त 2026 की रात नीमच-मनासा रोड स्थित थाना नीमच सिटी के सामने संदिग्ध वाहनों की चेकिंग एवं नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान सफेद रंग की आर्टिगा कार क्रमांक त्रछ्व15ष्ट॥5412 को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार में रखे दो काले रंग के प्लास्टिक के कट्टों से कुल 40 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम का डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर पंचों की मौजूदगी में डोडाचूरा जब्त कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
तीन आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कृष्णपाल सिंह उर्फ राहुल पिता भारत सिंह झाला, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम सौंकड़ी, थाना जीरन, जिला नीमच; रघुवीर उर्फ रघु पिता भंवर सिंह सोलकी, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम पिपलिया नाथावत, थाना नीमच सिटी; तथा देवी सिंह पिता पुरण सिंह सोलंकी, उम्र 32 वर्ष, निवासी पिपलिया नाथावत, थाना नीमच सिटी के रूप में हुई है।
मामले में थाना नीमच सिटी पर धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों से डोडाचूरा के स्रोत एवं तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
12.10 लाख रुपये का मश्रुका जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 40 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा कीमत करीब 6 लाख रुपये, आर्टिगा कार क्रमांक त्रछ्व15ष्ट॥5412 कीमत करीब 6 लाख रुपये तथा दो मोबाइल फोन कीमत करीब 10 हजार रुपये सहित कुल 12 लाख 10 हजार रुपये का मश्रुका जब्त किया है।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सागरिया, थाना नीमच सिटी पुलिस टीम एवं साइबर सेल नीमच की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
