
नीमच। जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर में मंगलवार रात करीब 10.15 बजे एक अज्ञात व्यक्ति ने 8 वर्षीय बच्ची को अगवा करने का प्रयास किया। अस्पताल के सुरक्षा गार्ड की सतर्कता से यह घटना टल गई और आरोपी बच्ची को छोडक़र मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी ट्रामा सेंटर की ऊपरी मंजिल पर स्थित मेडिकल वार्ड में काफी देर से बैठा था। उसने अकेले बैठी बच्ची से बातचीत शुरू की और उसे झांसा दिया कि उसके माता-पिता खाना लेने नीचे गए हैं। इसके बाद वह बच्ची को अपने साथ नीचे ले जाने लगा।
वहीं तैनात सुरक्षा गार्ड की नजर आरोपी की संदिग्ध गतिविधियों पर पड़ी। जैसे ही गार्ड उसकी ओर बढ़ा, आरोपी घबराकर बच्ची को वहीं छोडक़र भाग निकला। गार्ड की मुस्तैदी से एक बड़ा हादसा होने से बच गया।
बच्ची की मां ने बताया कि वह पास के बेड पर भर्ती एक परिचित महिला को देखने आई थी और कुछ देर के लिए बाथरूम गई थी। इसी का फायदा उठाकर आरोपी ने बच्ची को बहलाने-फुसलाने की कोशिश की। घटना का पता चलने पर परिजनों ने गार्ड और आसपास मौजूद लोगों का आभार व्यक्त किया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सिविल सर्जन डॉ. महेंद्र पाटिल तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों और अस्पताल स्टाफ से जानकारी ली और तत्काल कैंट थाना पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने बच्ची व परिजनों से पूछताछ की।
सिविल सर्जन डॉ. महेंद्र पाटिल ने बताया कि पुलिस को सूचित कर दिया गया है। ट्रामा सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे जा रहे हैं, जिसमें संदिग्ध की हरकतें कैद हुई हैं। फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है।
फिलहाल, कैंट थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात आरोपी की पहचान में जुटी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दी जा रही है।
