जबलपुर: रवि विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने के लिए किसानों के पंजीयन कराने के लिए आज अंतिम दिन है। विदित है कि राज्य शासन ने किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पहले 7 मार्च तय की गई अंतिम तिथि को बढ़ाकर 10 मार्च कर दिया था। निर्धारित समय सीमा के भीतर जिले के किसान पंजीयन कराकर समर्थन मूल्य पर अपनी उपज बेच सकेंगे।
जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार अब तक लगभग 30 हजार किसानों ने समर्थन मूल्य पर गेहूं विक्रय के लिए अपना पंजीयन करा लिया है।
सर्वर ठप होने से बढ़ी किसानों की परेशानी
गौरतलब है कि पिछले लगभग एक सप्ताह से सर्वर डाउन रहने के कारण कई किसानों को पंजीयन कराने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पंजीयन से वंचित किसान कलेक्ट्रेट और संबंधित कार्यालयों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।
शनिवार को भी अवकाश होने के बावजूद खाद्य शाखा के अधिकारी-कर्मचारी कार्यालय में मौजूद रहे, जहां बड़ी संख्या में किसान पंजीयन कराने पहुंचे। हालांकि सर्वर बार-बार ठप होने के कारण किसानों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ रहा है।
