जबलपुर: मध्यप्रदेश शासन की राज्य आयोजना के अंतर्गत शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जबलपुर के प्रमुख और अधिक यातायात दबाव वाले चौराहों पर आधुनिक सोलर ट्रैफिक सिग्नल विथ कैंटीलीवर स्थापित किए गए हैं। इन सिग्नलों का वर्चुअल लोकार्पण मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा किया गया।इस पहल का उद्देश्य शहर में यातायात को अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सुचारू बनाना है। सौर ऊर्जा आधारित इन ट्रैफिक सिग्नलों के माध्यम से ऊर्जा संरक्षण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
इन चौराहों पर लगे सिग्नल
शहर के जिन प्रमुख चौराहों पर ये सोलर ट्रैफिक सिग्नल लगाए गए हैं, उनमें जबलपुर अस्पताल क्रॉसिंग, पर्यटन चौक, मदनमहल चौक और बाजनामठ चौराहा शामिल हैं। इन सिग्नलों के संचालन से इन क्षेत्रों में यातायात का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित किया जाएगा।
सभी सिग्नलों की टेस्टिंग जारी
जानकारी के अनुसार फिलहाल सभी सिग्नलों की टेस्टिंग की जा रही है, जिसमें यह निर्धारित किया जा रहा है कि किस चौराहे पर किस दिशा में कितनी अवधि तक सिग्नल रहेगा। यातायात पुलिस इस प्रक्रिया को सुचारू रूप से पूरा करने में जुटी हुई है, ताकि नागरिकों को आवागमन में अधिक सुविधा और सुरक्षा मिल सके।
