रमज़ान के अंतिम दिनों में गुलजार हुआ मीना बाजार

जबलपुर:रमज़ान शरीफ के अंतिम दिनों के साथ शहर का पारंपरिक मीना बाजार पूरी तरह गुलजार हो गया है। मिलौनीगंज मछली मार्केट, चार खंबा, बहोराबाग से लेकर रज़ा चौक तक लगने वाले इस बाजार में सुबह से ही खरीदारी करने वालों की भीड़ उमड़ रही है। दोपहर से शुरू होने वाला बाजार तरावीह की नमाज़ के बाद और भी ज्यादा रौनकदार हो जाता है।
ईद की तैयारियों के चलते खासतौर पर महिलाएं और युवा बड़ी संख्या में खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं। इतिहास की दृष्टि से भी मीना बाजार की परंपरा काफी पुरानी मानी जाती है। मुगल काल में आगरा और दिल्ली में भी ऐसे बाजार लगते थे। जबलपुर में यह बाजार शहर की गंगा-जमुनी तहज़ीब का प्रतीक बनकर आज भी कायम है।
लज़ीज़ व्यंजनों के स्टॉल कर रहे आकर्षित
बाजार में मीठी सेवइयाँ, खुशबूदार इत्र, रंग-बिरंगे सलवार-सूट, कुर्ता-पायजामा सहित बच्चों और बुज़ुर्गों की जरूरत की सभी वस्तुएँ उपलब्ध हैं। साथ ही लज़ीज़ व्यंजनों के स्टॉल भी लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। मीना बाजार में देश-विदेश से आए उत्पादों के साथ स्थानीय हस्तशिल्प की दुकानों ने खरीदारी को और आकर्षक बना दिया है। आसपास के जिलों और ग्रामीण क्षेत्रों से भी लोग यहां पहुंचकर खरीदारी कर रहे हैं, जिससे बाजार में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
भीड़ नियंत्रण करने किए इंतजाम
व्यवस्थाओं को लेकर मदनी मिल्लत सेवा समिति के सरपरस्त मतीन अंसारी, अध्यक्ष आसिफ़ इक़बाल और उनके साथियों ने पानी की व्यवस्था तथा स्पीकर के माध्यम से भीड़ नियंत्रण के इंतजाम किए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखी जा रही है, वहीं मुस्लिम समाज ने पुलिस अधीक्षक से अतिरिक्त महिला पुलिस बल तैनात करने की मांग भी की है।
कचहरी वाले बाबा साहब की दरगाह में रोज़ा अफ़्तार आज
हाईकोर्ट के सामने स्थित हजरत ख्वाजा अमीनुद्दीन चिश्ती रहमतुल्लाह अलैह (कचहरी वाले बाबा साहब) की दरगाह में आज 20वें रोज़े के मौके पर मुफ्ती ए आज़म मध्यप्रदेश की सरपरस्ती में विशाल रोज़ा अफ़्तार का एहतमाम किया गया है। दरगाह के सज्जादानशीन बाबर खां बंदानवाजी और खादिम- ए-आला चंगेज खान अशरफी ने तमाम रोज़ेदारों से रोज़ा अफ़्तार में शिरकत करने की गुज़ारिश की है।

Next Post

विश्वकर्मा समाज की महिलाओं ने मनाया महिला दिवस

Tue Mar 10 , 2026
जबलपुर: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर श्री विश्वकर्मा महिला महासंगठन द्वारा शहर में एक भव्य एवं उत्साहपूर्ण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्वकर्मा समाज की महिलाओं को सम्मानित करते हुए नारी शक्ति, आत्मसम्मान और एकता का सशक्त संदेश दिया गया। पूरे आयोजन में महिलाओं का जोश, उत्साह […]

You May Like