मुंबई, 13 मई (वार्ता) देश की अग्रणी वाहन कंपनी टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स ने बुधवार को अपनी प्रीमियम हैचबैक टाटा अल्ट्रोज आईसीएनजी को ऑटोमैटेड मैनुअल ट्रांसमिशन (एएमटी) की शुरुआत की घोषणा की। कंपनी ने बताया कि नयी अल्ट्रोज आईसीएनजी एएमटी की शुरुआती कीमत 8.69 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गयी है। यह ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के विकल्प के साथ देश की पहली और एकमात्र सीएनजी प्रीमियम हैचबैक है। अल्ट्रोज आईसीएनजी एएमटी को पांच संस्करणों में पेश किया गया है। दिल्ली में प्योर का एक्स-शोरूम कीमत 8,69,990 रुपये, प्योर एस की 8,99,990 रुपये, क्रिएटिव की 9,56,990 रुपये, क्रिएटिव एस की 9,81,990 रुपये और अकम्प्लीश्ड की 10,76,990 रुपये है। टाटा पैसेंजर इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के मुख्य वाणिज्यिक अधिकार विवेक श्रीवत्स ने कहा, “टाटा अल्ट्रोज ने प्रीमियम हैचबैक सेगमेंट में डिजाइन, सुरक्षा और पावरट्रेन विकल्पों के मामले में लगातार नये मानक स्थापित किये हैं।
भारत में सीएनजी एक तेजी से बढ़ता हुआ ईंधन विकल्प बन गया है, जिसकी हिस्सेदारी वित्त वर्ष 2024-25 में 19 प्रतिशत और वित्त वर्ष 2025-26 में 22 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है। यह वृद्धि अब सिर्फ पारंपरिक बाजारों तक सीमित नहीं है, बल्कि नये क्षेत्र भी इसमें महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।” उन्होंने कहा कि अल्ट्रोज आईसीएनजी में एएमटी जोड़ने का उद्देश्य सीएनजी वाहनों में बढ़ती सुविधा की जरूरत को पूरा करना है। टाटा अल्ट्रोज आईसीएनजी 1.2 लीटर का रेवोट्रॉन आईसीएनजी इंजन है, जो सीएनजी मोड में 73.5 पीएस शक्ति और 103 एनएम टॉर्क पैदा करता है। इसकी आईसीएनजी तकनीक में एक एडवांस्ड सिंगल ईसीयू सिस्टम है, जो पेट्रोल और सीएनजी मोड के बीच सहज और बिना झटके के स्विच करने में मदद करता है। इस सेगमेंट में पहली बार सीएनजी मोड में डायरेक्ट स्टार्ट की सुविधा भी दी गयी है। कंपनी की ट्विन-सिलेंडर आईसीएनजी तकनीक में सिलेंडर को बूट स्पेस के नीचे इस तरह फिट किया गया है कि सामान रखने की जगह पर बहुत ज्यादा असर नहीं पड़ता और 210 लीटर का बूट स्पेस मिलता है, हालांकि यह पेट्रोल और डीजल संस्करण के 345 लीटर से कम है।

