बीएसएफ इंस्पेक्टर के सूने घर में लाखों की चोरी

जबलपुर। सिहोरा थाना अंतर्गत ब्राह्मणपुरा में चोरों ने बीएसएफ भिलाई में पदस्थ इंस्पेक्टर के सूने घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने सोने-चांदी के जेवरात समेत नकदी पर हाथ साफ कर दिया। जानकारी के अनुसार राहुल कुररिया (36) भिलाई में बीएसएफ निरीक्षक हैं, 27 फरवरी को 6 दिन की छुट्टी लेकर अपनी पत्नी के साथ सिहोरा आए थे। उनकी बहन का इलाज नागपुर में चल रहा था, जिस कारण उनकी माँ भी नागपुर में थीं और बड़े भाई जबलपुर में रहते हैं। घर सूना होने के कारण राहुल अपनी ससुराल (ब्राह्मणपुरा) में रुके हुए थे। राहुल ने पुलिस को बताया कि 28 फरवरी की शाम करीब 7:30 बजे वह अपने घर का ताला बंद कर चाबी अपनी चाची को देकर ससुराल चले गए थे। बीती रात जब वह वापस लौटे, तो घर का ताला नहीं खुला। संदेह होने पर उन्होंने ताला काटने वाले को बुलाया। घर के अंदर जाने पर देखा कि कमरों के दरवाजे के कुंदे टूटे हुए थे और सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने अलमारी और पेटी के ताले तोड़कर उसमें रखे सोने की झुमकी, टॉप्स, हाथ के फूलन, दो छोटे मंगलसूत्र, सोने की चैन, कंगन और चांदी की करधन, गुच्छा, सिक्के व पायल सहित 5 हजार रुपये नगद चोरी कर लिए हैं। पुलिस ने राहुल कुररिया की शिकायत पर अज्ञात चोरों के मामला दर्ज किया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके।

Next Post

4 मार्च के बाद ग्वालियर में अब 5 मार्च को भी स्थानीय अवकाश घोषित

Mon Mar 2 , 2026
ग्वालियर।कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने होली के अवसर पर 5 मार्च को स्थानीय अवकाश घोषित किया है। राज्य शासन द्वारा 4 मार्च को निगोशिएबल इन्स्ट्रूमेंट एक्ट-1881 के अधीन सार्वजनिक एवं सामान्य अवकाश घोषित किया गया है। उल्लेखनीय है कि राज्य शासन द्वारा होली के पावन अवसर पर पूर्व में 3 […]

You May Like