इंदौर: सांवेर क्षेत्र के कजलाना गांव में पेट्रोल पंप कर्मचारी को कार से घसीटकर मौत के घाट उतारने के मामले में पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है. जांच में सामने आया है कि आरोपी हीरानगर क्षेत्र का रहने वाला है. कई किलोमीटर तक लगे सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल के बाद पुलिस टीम उसकी तलाश में हीरानगर पहुंची. फिलहाल आरोपी फरार है, जबकि पुलिस ने उसके पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
पुलिस के मुताबिक कजलाना स्थित शिवलाल पटेल एंड सन्स पेट्रोल पंप, चारपाई ढाबा के पास का मामला है, यहां ग्रे रंग की कार से आए युवक ने डीजल भरवाने के बाद भुगतान किए बिना ही वाहन दौड़ा दिया। पेट्रोल पंप कर्मचारी रोहित उम्र 22 साल पिता शंकरलाल परमार निवासी मालीखेड़ी ने कार रोकने की कोशिश की, लेकिन उसका हाथ कार के कांच में फंस गया था, आरोप है कि चालक ने वाहन तेज रफ्तार में भगा दिया, जिससे रोहित कुछ दूरी तक घसीटता चला गया और गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया था. जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के मार्गों के कई सीसीटीवी फुटेज खंगाले.
फुटेज से पता चला कि कार एमआर-10 मार्ग से होते हुए हीरानगर की ओर गई थी. वाहन के रजिस्ट्रेशन की जानकारी निकालने पर कार आर्यन तंवर निवासी गौरीनगर के नाम पर पाई गई. बताया जा रहा है कि आरोपी ने यह कार कुछ समय पहले ही खरीदी थी. पुलिस के अनुसार घटना के समय आरोपी अपने कुछ दोस्तों के साथ था और वारदात के बाद फरार हो गया था, गुरुवार सुबह मीडिया में खबर आने के बाद उसे पुलिस की तलाश का पता चला और वह कार लेकर घर से भाग गया था. फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.
