इंदौर:पलासिया थाना क्षेत्र में दुकान गिरवी रखने के बाद अधिक राशि की मांग कर दुकान का सामान ले जाने के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है.
थाना प्रभारी सुरेन्द्र सिंह रघुवंशी ने बताया कि बड़ी ग्वाल टोली में रहने वाली फरियादी नूरजहां लेडीज टेलर की शिकायत पर राहुल मांडले उम्र 36 साल निवासी रविदासपुरा, छत्रीपुरा के खिलाफ केस दर्ज किया है. फरियादी ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी दुकान 11 माह के लिए आरोपी के पास गिरवी रखी थी और इसके बदले 2.5 लाख रुपए पर 4 प्रतिशत ब्याज तय हुआ था.
जिसका वह नियमित रूप से हर माह 10 हजार रुपए ब्याज देता रहा. चार माह बाद जब वह 2.5 लाख रुपए लौटाने पहुंचा तो आरोपी ने 6 लाख रुपए की मांग कर दी. राशि देने से मना करने पर गुरुवार 12 अगस्त को आरोपी दुकान से तीन सिलाई मशीन, कैश काउंटर, शादी के लहंगे, सलवार सूट, 1300 रुपए नकद, पोर्टेबल टीवी सहित करीब डेढ़ लाख रुपए का सामान ले गया. मामले में पलासिया पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
