इंदौर: कनाड़िया रोड स्थित ग्रीन वैली सोसाइटी में करीब एक करोड़ रुपए की वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है. सोसाइटी से जुड़े वित्तीय लेन-देन में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कनाड़िया पुलिस ने चार महिलाओं के खिलाफ अमानत में खयानत का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.थाना प्रभारी सहर्ष यादव ने बताया कि थाना क्षेत्र के ई-ब्लॉक ग्रीन वैली सोसाइटी में रहने वाली 37 वर्षीय सोनम गेडा की शिकायत पर रेखा चौधरी, सपना जैन, सोनिया चौधरी और अपर्णा श्रीवास्तव के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है.
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने सोसाइटी से जुड़े वित्तीय कार्यों के दौरान करीब एक करोड़ रुपये की राशि में अनियमितता की और अमानत में खयानत की. मामले में शिकायत आवेदन के परीक्षण के बाद कनाड़िया पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है. मामले की जांच की जा रही है, साथ ही वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
