इंदौर: आजाद नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक महिला और एक पुरुष को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस ने दोनों के पास से कुल 21.4 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है.शहर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है. जिसके तहत जोन-1 के पुलिस उपायुक्त कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त सुमित केरकेट्टा तथा एसीपी रविंद्र बिलवाल के मार्गदर्शन में आजाद नगर थाना प्रभारी लोकेश सिंह भदोरिया की टीम ने कार्रवाई की.
इलाके में गश्त और संदिग्धों की चेकिंग के दौरान पुलिस की दो अलग-अलग टीमों ने कार्रवाई करते हुए मूसाखेड़ी निवासी नेहा और संदीप को गिरफ्तार किया. तलाशी में नेहा के कब्जे से 11.4 ग्राम और संदीप के पास से 10 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई. पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल आरोपियों से मादक पदार्थ के स्रोत और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है.
