केनूद के पास भीषण सड़क हादसा: मां-बेटे की मौत

खंडवा। जिले का मांधाता क्षेत्र इन दिनों सुर्खियों में बना हुआ है। क्षेत्र में लूट, चोरी, दुष्कर्म, अवैध गतिविधियों और सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं से आमजन में भय और आक्रोश है। पुनासा क्षेत्र में हथियारों के दम पर व्यापारी से लूट, पामाखेड़ी में स्कॉर्पियो सवारों का उत्पात, 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म, तीर्थनगरी में खुलेआम शराबखोरी और श्रद्धालुओं के साथ चोरी जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। वहीं डंपरों की आवाजाही से आए दिन सड़क हादसे भी हो रहे हैं।

इसी बीच एक और दर्दनाक हादसा सामने आया है। मूंदी थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम केनूद के पास नरसिंह आश्रम के नजदीक दो कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में जलवा बुजुर्ग निवासी पूर्व सरपंच सुमनबाई राठौर (58) और उनके पुत्र सौरभ राठौर (28) की मौके पर ही मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार राठौर परिवार के सदस्य बलेनो कार से जलवा बुजुर्ग से सिंगाजी जा रहे थे। इसी दौरान मूंदी से सनावद की ओर जा रही तेज रफ्तार थार ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बलेनो कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर पलट गई।

हादसे में सौरभ की बहन सारिका, रविंद्र (35) एवं एक अन्य रिश्तेदार रविंद्र (निवासी देशगांव) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही डायल 112 मौके पर पहुंची और घायलों को मूंदी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से तीन घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।

घटना की खबर मिलते ही जलवा बुजुर्ग सहित आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।

मूंदी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं और सड़क हादसों को लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।

Next Post

वंदे मातरम् की गरिमा का मामला पहुंचा हाईकोर्ट, इंदौर पीठ ने पार्षदों को जारी किए नोटिस

Thu Apr 16 , 2026
इंदौर. राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के गायन के दौरान गरिमापूर्ण आचरण सुनिश्चित करने को लेकर मामला अब हाईकोर्ट पहुंच गया है. मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर खंडपीठ ने इस पर सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है. गुरुवार को न्यायमूर्ति विजय कुमार शुक्ला और […]

You May Like