लगातार तीसरी रात चला पटना नगर निगम का सघन सफाई अभियान, सभी अंचलों से लगभग 235 टन कचरे का उठाव

पटना, 02 अगस्त (वार्ता) पटना नगर निगम की ओर से शहर की सफाई व्यवस्था को हर परिस्थिति में सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से लगातार तीसरी रात मिशन मोड में विशेष सघन सफाई अभियान चलाया गया। नगर आयुक्त यशपाल मीणा के सतत मार्गदर्शन, वरीय पदाधिकारियों की सक्रिय निगरानी तथा सभी अंचलों की संयुक्त कार्यवाही के परिणामस्वरूप रात्रिकालीन अभियान के दौरान लगभग 235 टन कचरे का उठाव किया गया।

नगर निगम द्वारा सफाई कर्मियों के एक वर्ग की हड़ताल के बावजूद शहरवासियों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रशासनिक मशीनरी लगातार कार्यरत है। रात्रि में चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य एक ओर यातायात व्यवस्था को प्रभावित होने से बचाना है, वहीं दूसरी ओर प्रमुख मार्गों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों की नियमित और प्रभावी सफाई सुनिश्चित करना भी है।

नगर आयुक्त ने देर रात विभिन्न अंचलों का भ्रमण कर सफाई कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने पटना जंक्शन, गोलघर, अशोक राजपथ, पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स, मोइन-उल-हक स्टेडियम सहित कई महत्वपूर्ण स्थलों का जायजा लिया तथा मौके पर उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने साफ-सफाई कार्यों की गुणवत्ता, कचरा उठाव की गति एवं मशीनों के प्रभावी उपयोग की समीक्षा करते हुए अभियान को और अधिक गति देने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने हड़ताल के बीच भी अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे सफाई कर्मियों, सफाई निरीक्षकों एवं अन्य कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि निगम प्रशासन प्रत्येक सफाई कर्मी की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए गए हैं। उन्होंने उपस्थित कर्मियों से अपील की कि वे अपने अन्य सहयोगियों को भी ड्यूटी पर आने के लिए प्रेरित करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा भ्रम फैलाने वाले तत्वों के प्रभाव में न आएं।

 

 

Next Post

संगठन की मजबूती और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार पर भाजपा की बैठक

Sun Aug 2 , 2026
भिण्ड: मेहगांव में भारतीय जनता पार्टी की कामकाजी बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन विस्तार, बूथ सशक्तीकरण और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया। […]

You May Like