दमिश्क, 07 जुलाई (वार्ता) फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों के सीरिया दौरे के बीच यहां राजधानी दमिश्क में मंगलवार को फोर सीजन्स होटल के निकट हुए दो विस्फोटों में कम से कम 18 लोग घायल हो गये। श्री मैक्रों के ठहरने की व्यवस्था इसी होटल में की गयी थी, हालांकि विस्फोट के समय वह सुरक्षित थे और राष्ट्रपति अहमद अल-शरा से मुलाकात के लिए राष्ट्रपति भवन पहुंच चुके थे।सुरक्षा सूत्रों के अनुसार दोनों विस्फोट विस्फोटक उपकरणों के कारण हुए। सीरिया की सरकारी समाचार एजेंसी सना ने बताया कि घटना में चार पुलिसकर्मियों सहित 18 लोग घायल हुए हैं।
फ्रांस के राष्ट्रपति कार्यालय एलिसी पैलेस ने बयान जारी कर कहा कि विस्फोट के समय मैक्रों राष्ट्रपति भवन में मौजूद थे और उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचा। फ्रांसीसी समाचार चैनल बीएफएमटीवी के अनुसार राष्ट्रपति फोर सीजन्स होटल में ठहरे हुए थे। सना के अनुसार दोनों विस्फोट पर्यटन मंत्रालय के निकट तथा उस होटल के आसपास हुए, जहां मैक्रों के ठहरने की व्यवस्था थी। इस होटल का उपयोग अक्सर विदेशी राजनयिकों, पत्रकारों और राहतकर्मियों द्वारा किया जाता है। सीरिया के गृह मंत्रालय ने सना को बताया कि दोनों विस्फोट ‘फ्रांसीसी राष्ट्रपति के आवास के लिए निर्धारित सुरक्षा क्षेत्र के बाहर’ हुए और इससे राष्ट्रपति के आवास या आधिकारिक यात्रा कार्यक्रम को कोई प्रत्यक्ष खतरा नहीं हुआ।
श्री मैक्रों कार्यालय ने कहा कि राष्ट्रपति विस्फोट के समय अल-शरा से मुलाकात के लिए जा रहे थे और उन्होंने धमाकों की आवाज भी नहीं सुनी। उनकी यात्रा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रही।
सना के अनुसार दोनों विस्फोटक उपकरण साधारण तरीके से तैयार किये गये थे। पहला विस्फोटक सड़क किनारे खड़े एक वाहन में रखा गया था, जबकि दूसरा कूड़ेदान में छिपाया गया था। अधिकारियों ने घटना के कारणों और जिम्मेदार लोगों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है। श्री मैक्रों सोमवार शाम सीरिया पहुंचे थे। दिसंबर 2024 में बशर अल-असद सरकार के पतन के बाद किसी पश्चिमी देश के नेता की यह पहली आधिकारिक सीरिया यात्रा है। यह घटना दमिश्क में एक सप्ताह से भी कम समय पहले हुए उस हमले के बाद हुई है, जिसमें नौ लोगों की मौत हो गयी थी और 22 अन्य घायल हुए थे। सीरिया यात्रा के बाद श्री मैक्रों नाटो शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए तुर्किये जाएंगे।

