पटवारी ने कहा : ग्वालियर से जो भाजपा में गए, उनका चरित्र सब जानते हैं

ग्वालियर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश की भाजपा सरकार और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर तीखा हमला बोला है। आज यहां ग्वालियर में पत्रकारों से चर्चा के दौरान उन्होंने बिना नाम लिए सिंधिया परिवार के इतिहास पर तंज कसते हुए कहा कि ग्वालियर से जो नेता भाजपा में गए हैं, उनके चरित्र को सब जानते हैं। सबको पता है कि एक पिस्टल कहां गई थी। अगर उस पर बात करूंगा तो यह मेरा छोटापन होगा।

*शुगर मिल पर 25 साल से झूठ और पाखंड जारी*

​कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना के बयान पर पलटवार करते हुए पटवारी ने कहा कि 25 साल से कैलारस शुगर मिल चालू करने का सिर्फ झांसा दिया जा रहा है। सात बार तो खुद मुख्यमंत्री घोषणा कर चुके हैं। कंसाना और नरेंद्र सिंह तोमर जैसे बड़े नेता यहां से आते हैं, फिर भी मिल बंद पड़ी है। हमारे कांग्रेस विधायक पंकज उपाध्याय कई साथियों के साथ सात दिन से अनशन पर बैठे हैं, लेकिन सरकार को किसान कल्याण वर्ष में किसानों की कोई चिंता नहीं है।

​राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान को लेकर छिड़े विवाद पर पटवारी ने कहा कि भाजपा का काम हमेशा विवाद खड़ा करके देशभक्ति का सर्टिफिकेट बांटना है। उन्होंने कहा कि आजादी के आंदोलन में संघ या भाजपा का एक भी नेता शामिल नहीं था, वे सब अंग्रेजों के पिट्ठू थे। कांग्रेस को उनसे देशभक्ति सीखने की जरूरत नहीं है। हम वही करेंगे जो संविधान में लिखा है।

*बालाघाट में बच्चों की लगातार मौतों पर चिंता व्यक्त*

​बालाघाट में बच्चों की लगातार मौतों पर चिंता व्यक्त करते हुए पटवारी ने कहा कि प्रदेश में करप्शन का कैंसर फैल चुका है। छिंदवाड़ा में 26 बच्चों की जान जाने के बाद अब बालाघाट की घटना से स्वास्थ्य विभाग का असली चेहरा सामने आ गया है। स्वास्थ्य विभाग हत्यारा बन चुका है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार खुद वहां स्थिति का जायजा लेने पहुंचे हैं और कांग्रेस ने सरकार को पत्र लिखकर तुरंत कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Next Post

इंदौर की होटल सयाजी का किचन सील 

Fri Aug 21 , 2026
इंदौर। आमजन को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने इंदौर के प्रतिष्ठित फाइव स्टार होटल सयाजी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उसका किचन सील कर दिया है । एफएसएसएआई वेस्टर्न रीजन ब्रांच इंदौर, खाद्य सुरक्षा प्रशासन और जिला प्रशासन की संयुक्त […]

You May Like