भोपाल: कटारा हिल्स स्थित अमलतास चौराहे पर रविवार को रहवासियों ने नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। इलाके में जलभराव, सड़कों पर गड्ढे, गंदगी और बंद स्ट्रीट लाइटों को लेकर लोगों में नाराजगी देखने को मिली। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की मौजूदगी में नगर निगम का पुतला दहन किया।रहवासियों का आरोप है कि बारिश के दौरान समस्या और बढ़ गई है। तेज बारिश होते ही कई जगहों पर पानी भर जाता है और कॉलोनियों के आसपास कीचड़ फैल जाता है।
वहीं मुख्य और अंदरूनी सड़कों पर गड्ढों के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। रात के समय स्ट्रीट लाइटें बंद रहने से हादसे का खतरा भी बना रहता है।
प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ता भी शामिल हुए। युवक कांग्रेस नेता अनिकेत द्विवेदी ने वार्ड-85 में मूलभूत सुविधाओं की कमी का मुद्दा उठाते हुए नगर निगम पर लापरवाही के आरोप लगाए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से और व्यापक किया जाएगा।
