छतरपुर। जिले के लवकुशनगर थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्राम देवपुर निवासी मीना अहिरवार अपने पति के साथ बाइक से पंचमपुरा जा रही थीं। इसी दौरान मड़वा के पास अचानक चलती बाइक से गिर गईं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से महिला को तुरंत लवकुशनगर अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल छतरपुर रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
