इंदौर की होटल सयाजी का किचन सील 

इंदौर। आमजन को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने इंदौर के प्रतिष्ठित फाइव स्टार होटल सयाजी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उसका किचन सील कर दिया है ।

एफएसएसएआई वेस्टर्न रीजन ब्रांच इंदौर, खाद्य सुरक्षा प्रशासन और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने होटल का औचक निरीक्षण किया। जांच में खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता, भंडारण, तापमान नियंत्रण, लेबलिंग और लाइसेंस से जुड़ी कई गंभीर कमियां मिलने के बाद प्रशासन ने खाद्य लाइसेंस रद्द कर किचन सील करने की कार्रवाई की।

66 किलो नॉन-वेज सामग्री बिना तारीख के

निरीक्षण में करीब 66 किलो नॉन-वेज खाद्य सामग्री बिना पैकिंग अथवा निर्माण तिथि के मिली। खाद्य पदार्थों के निर्धारित तापमान का उचित पालन नहीं था। कोल्ड स्टोरेज में वेज-नॉन-वेज सामग्री के साथ सी-फूड, चिकन और मटन भी एक साथ रखे मिले। कई खाद्य सामग्री दीवार से सटाकर और बड़ी मात्रा में सामग्री सीधे फर्श पर रखी थी।

बिना उचित लेबल के…

पैक्ड कुल्फी पर मैन्युफैक्चरिंग डेट, एक्सपायरी डेट और बैच नंबर नहीं मिले। फ्रोजन डेजर्ट को मेन्यू में आइसक्रीम के रूप में दर्शाया गया था। उबले आलू पर एक्सपायरी डेट की टैगिंग और कई उत्पाद बिना उचित लेबल के मिले।

फंगस, सड़े खाद्य पदार्थ और चूहे- कॉकरोच

स्टोर में फंगस लगी मूंगफली, सड़े टमाटर और आलू मिले। शुगर पाउच पर ‘सयाजी’ नाम अंकित होने को लेकर भी लाइसेंस संबंधी आपत्ति दर्ज की गई। निरीक्षण में कॉकरोच, चूहों की लीद और चूहों की मौजूदगी के संकेत मिले।

जंग लगा मिला…

ड्राई स्टोरेज की दीवार और फर्श में दरारें थीं तथा गीले-सूखे कचरे के लिए अलग व्यवस्था नहीं मिली। कुछ टॉपिंग टेट्रापैक लीक पाए गए। ड्राई और वेजिटेबल स्टोरेज में जंग तथा खाद्य पदार्थ तैयार करने वाले प्लेटफॉर्म पर भी जंग और क्षरण मिला। खाद्य सामग्री का भंडारण भी निर्धारित स्वच्छता मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया।

लाइसेंस में नॉन-वेज, बेकरी और स्वीट्स नहीं

होटल के खाद्य लाइसेंस में नॉन-वेज गतिविधि दर्ज नहीं होने के बावजूद मौके पर नॉन-वेज सामग्री का भंडारण और उपयोग पाया गया। लाइसेंस में बेकरी गतिविधि शामिल नहीं होने के बावजूद इन-हाउस बेकरी तथा स्वीट्स गतिविधि दर्ज नहीं होने के बावजूद मिठाइयों का निर्माण पाया गया। होटल की श्रेणी के अनुरूप आवश्यक लाइसेंस को लेकर भी निरीक्षण दल ने आपत्ति दर्ज की है।

जला तेल ड्रेनेज में, कई सैंपल लिए

इस्तेमाल किया हुआ और जला हुआ खाद्य तेल सीधे ड्रेनेज में डाला जाना भी पाया गया। संयुक्त टीम ने पनीर, कच्चा नॉन-वेज, पैक्ड पनीर, सौंफ और ड्राई फ्रूट्स सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए हैं। प्रयोगशाला रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

सीएमएचओ हसनी: गंभीर कमियों पर किचन सील

सीएमएचओ डॉ. हसनी ने कहा, “सयाजी होटल में खाद्य पदार्थों को लेकर कई प्रकार की अनियमितताएं सामने आई हैं। खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से संबंधित गंभीर कमियां पाए जाने पर प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई करते हुए किचन को सील किया गया है। सीलिंग आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी।”

कलेक्टर शिवम वर्मा: शिकायत के बाद रात में ही जांच शुरू

इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा, “फाइव स्टार होटल सयाजी में अमानक खाद्य पदार्थ और गंदगी की शिकायत मिली थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए रात में ही कार्रवाई शुरू कर जांच कराई गई। जांच में एक्सपायरी आइटम, गंदगी और कई अन्य अनियमितताएं सामने आईं। इसके चलते होटल का खाद्य लाइसेंस रद्द कर सीलिंग की कार्रवाई की गई है।”

मनीष स्वामी: खाद्य सुरक्षा मानकों से समझौता नहीं

खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अधिकारी मनीष स्वामी ने कहा, “खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, सुरक्षित भंडारण, स्वच्छता, उचित लेबलिंग, तापमान नियंत्रण और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य है। किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। शिकायतों और सामने आई अनियमितताओं के आधार पर होटल को जांच के दायरे में लिया गया था। कमियां मिलने के बाद कलेक्टर के निर्देश पर लाइसेंस रद्द करने और सीलिंग की कार्रवाई की गई है। आगे की कार्रवाई जांच और संबंधित रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार होगी।”

Next Post

बस की चपेट में आया स्कूली छात्र, मारपीट के बाद बवाल 

Fri Aug 21 , 2026
सीधी। शहर के अस्पताल तिराहे में आज अपरान्ह उस समय अफरातफरी मच गई जब परिहार बस की चपेट में आने से एक स्कूली छात्र सायकल समेत गिर गया। हालांकि उसे चोंटे नहीं आई। इसी बीच ठेला व्यवसायी जब बचाव करने पहुंचे एवं बस के नीचे आई सायकल को निकाला गया […]

You May Like