चमोली जिले में हिमस्खलन के कारण कई मजदूर दबे: धामी

देहरादून 28 फरवरी (वार्ता) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि चमोली जिले में माणा गांव के निकट सीमा सड़क संगठन द्वारा किये जा रहे निर्माण कार्य के दौरान हिमस्खलन के कारण कई मजदूर दब गये हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा है कि मजदूरों को निकालने के लिए सभी एजेन्सियों की मदद से बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

श्री धामी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा , “ जनपद चमोली में माणा गांव के निकट बीआरओ द्वारा संचालित निर्माण कार्य के दौरान हिमस्खलन की वजह से कई मजदूरों के दबने का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। आईटीबीपी, बीआरओ और अन्य बचाव दलों द्वारा राहत एवं बचाव कार्य संचालित किया जा रहा है। भगवान बदरी विशाल से सभी श्रमिक भाइयों के सुरक्षित होने की प्रार्थना करता हूं।”

इस बीच जिलाधिकारी डॉक्टर संदीप तिवारी ने यूनीवार्ता को बताया कि ग्लेशियर टूटने का समाचार मिलते ही भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, सीमा सड़क संगठन और प्रशासन की टीम घटनास्थल की ओर भेजी गयी हैं। अभी तक किसी जनहानि की जानकारी नहीं है।

भारी बारिश और हिमपात के कारण घटनास्थल से संचार सम्पर्क नहीं हो पा रहा है। मजदूर सीमा चौकियों तक रसद ले जाने के कार्यों में लगे थे। इनमें से कई श्रमिकों के फंसने की सूचना है। इस घटना में किसी जनहानि की अभी कोई सूचना नहीं मिल पा रही है।

 

Next Post

इंदौर के अपह्त कपड़ा व्यवसायी को शिवपुरी में छुड़ाया

Fri Feb 28 , 2025
शिवपुरी:इंदौर के अपह्त कपड़ा व्यवसायी को शिवपुरी में बदमाशों के चंगुल से सुरक्षित छुड़ा लिया गया है। व्यवसायी का अपहरणकर्ताओं ने जयपुर से अपहरण कर लिया था। अपहृत व्यवसायी को शिवपुरी से बरामद कर तीन अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है। कोतवाली टीआई कृपाल सिंह राठौड़ ने बताया कि इंदौर […]

You May Like