
जीतू यादव के दो और साथी गिरफ्तार
इंदौर. पार्षद कमलेश कालरा के घर पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने शुक्रवार सुबह जीतू यादव के दो और साथियों को गिरफ्तार किया है. पार्षद कमलेश कालरा के घर पर कुछ दिनों पहले जीतू यादव और उसके साथियों ने घुसकर हमला किया था. इस घटना के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की धरपकड़ में जुटी हुई है. पुलिस ने अब तक इस मामले में 20 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि मुख्य आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से दूर है.
एडिशनल डीसीपी आनंद यादव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में कुलकर्णी भट्टे का रहने वाला दिलीप पिता रमेशचंद्र बसवाल और शीलनाथ कैंप का रहने वाला घनश्याम उर्फ बंटी ठाकुर हैं. पुलिस जांच में पता चला है कि दिलीप के खिलाफ तुकोगंज और एमआईजी थाने में पहले से आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज हैं. एडिशनल डीसीपी ने बताया कि मामले में जांच तेज कर दी गई है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है. पुलिस ने यह भी कहा कि मामले में शामिल सभी दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
