छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना

रायपुर, 25 अक्टूबर (वार्ता) छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके बाद 27 अक्टूबर से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

मौसम विभाग से रविवार को मिली जानकारी के अनुसार 28 और 29 अक्टूबर को प्रदेश के कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने के आसार हैं। फिलहाल प्रदेश में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 24 अक्टूबर को प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रहा।

राजधानी रायपुर में आज आकाश साफ रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। हालांकि, बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे चक्रवाती तंत्र के कारण प्रदेश के मौसम में 27 अक्टूबर से बदलाव आने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार पूर्व-मध्य और उससे लगे दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में बना तंत्र 25 अक्टूबर को अवदाब में बदल सकता है। इसके बाद 26 अक्टूबर की सुबह तक इसके चक्रवाती तूफान का रूप लेने की संभावना है। इसके आगे और अधिक तीव्र होने का अनुमान है।

अनुमान के मुताबिक चक्रवाती तूफान 28 अक्टूबर की सुबह के आसपास आंध्र प्रदेश तट के निकट पहुंच सकता है। इसके बापटला और विशाखापत्तनम के बीच आंध्र प्रदेश और यनम तट को पार करने की संभावना है। इस दौरान हवा की अधिकतम गति 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जबकि झोंकों की गति 140 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने का अनुमान है।

बंगाल की खाड़ी में बन रहे इसी चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश के कुछ हिस्सों में 28 और 29 अक्टूबर को भारी बारिश हो सकती है।

 

Next Post

छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी- साय

Sun Oct 25 , 2026
रायपुर, 25 अक्टूबर (वार्ता) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि प्रदेश में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान खरीदी 15 नवंबर 2026 से 31 जनवरी 2027 तक चलेगी। श्री साय ने शनिवार देर रात दुर्ग में आयोजित पंडवानी महासम्मेलन में धान खरीदी की तारीख की आधिकारिक […]

You May Like