जबलपुर: डुमना एयरपोर्ट के नजदीक गदेरी में गत दिवस एक निर्माणाधीन मकान में खुदाई के दौरान मिला 12 किलोग्राम वजनी जिंदा विशाल सैन्य बम को सेना ने अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद उसे ऑर्डिनेंस डिपो (सीओडी) ले जाया गया जहां जिंदा बम को डिफ्यूज करने की कार्रवाई की गई।विदित हो कि गत दिवस डुमना एयरपोर्ट के पास स्थित ग्राम गदेरी में सुनील यादव के एक प्लॉट पर मकान निर्माण का कार्य चल रहा था।
नींव के लिए जब मजदूर जमीन की खुदाई कर रहे थे, तभी अचानक मिट्टी के नीचे एक भारी और संदिग्ध धातु की वस्तु दिखाई दी थी। पास जाकर देखने पर पता चला कि वह एक विशाल सैन्य बम हैं। पुलिस, बम स्क्वॉड की टीम ने जांच के बाद पुष्टि की कि यह एक यूएक्सओ जिंदा बम है। इस घातक बम की मारक क्षमता करीब 50 मीटर के दायरे तक है।
यदि खुदाई के दौरान इस पर कोई भारी चोट लगती या यह अनजाने में ब्लास्ट हो जाता, तो भारी जान-माल का नुकसान हो सकता था। बम काफी पुराना है और लंबे समय से जमीन के नीचे दबा हुआ था। पुलिस और बम स्क्वॉड ने पूरे निर्माण स्थल को सील कर दिया था। खमरिया थाना प्रभारी राजकुमार खटीक ने बताया कि जिंदा बम को सेना के सुपुर्द कर दिया गया। सीओडी में कड़ी सुरक्षा के बीच बम को डिफ्यूज कर दिया गया है।
