जबलपुर: रानी अवंति बाई लोधी सागर परियोजना बरगी बांध छलकने को बेताब है। लगातार हो रही बारिश और बांध में पानी की भारी आवक को देखते हुए परियोजना प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है। जल स्तर को नियंत्रित करने आज सुबह 11 बजे 0.78 मीटर की औसत ऊँचाई तक बरगी बांध के 9 गेट खोले जायेंगे।जानकारी के अनुसार सोमवार रात्रि 8 बजे बांध का जल स्तर 420.80 मीटर आंका गया। वर्तमान में बांध की जल उपयोगी क्षमता 2674 क्यूमेक 84.08 प्रतिशत है। वर्तमान मे बांध मे पानी की आवक 1620 क्यूमेक है। जल भराव क्षेत्र मे मौसम विभाग के पूर्वानुमान एवं वर्षा को दृष्टिगत रखते हुए, बांध के जल स्तर को नियंत्रित करने के लिये आज सुबह 11 बजे बांध के 9 जल द्वारों को 0.78 मीटर औसत ऊंचाई पर खोल कर 1031 क्यूमेक जल की निकासी की जायेगी।
जिससे माँ नर्मदा के घाटों पर 3 से 4 फुट पानी की बढ़ोत्तरी होगी। बांध में पानी की आवक के अनुसार जल की निकासी को कभी भी घटाया अथवा बढ़ाया जा सकता है। प्रशासन ने तटीय इलाकों और नर्मदा घाटों से दूर रहने को कहा। प्रशासन के मुताबिक, बांध के जल द्वार खोलने से ठीक पहले आधिकारिक वायरलेस संदेश और व्हाट्सएप ग्रुप्स के माध्यम से आपातकालीन अलर्ट और सूचना जारी की जाएगी। ये पहली बार होगा। कार्यपालन यंत्री राजेश सिंह ने सर्वसाधारण, स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे नर्मदा नदी के घाटों और निचले तटीय क्षेत्रों से तुरंत सुरक्षित दूरी बना लें। जलस्तर तेजी से बढऩे के कारण नदी किनारे जाना जानलेवा साबित हो सकता है। प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से तटीय क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है।
