बंगलादेश में खसरे के प्रकोप से बढ़ रहे बच्चों के मौत के मामले

ढाका, 03 अप्रैल (वार्ता) बांगलादेश में खसरे का प्रकोप तेजी से बढ़ने से अभिभावकों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। देश के हर जिले में यह संक्रमण फैल चुका है और बच्चों की मौत के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। ‘ढाका ट्रिब्यून’ की रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल अब तक कम से कम 42 बच्चों की जान जा चुकी है। अगर जिला और निजी अस्पतालों के आंकड़े जोड़ें, तो यह संख्या 46 या उससे भी ज्यादा हो सकती है। पिछले 24 घंटों में ही संक्रमण के 685 नए मामले सामने आए हैं और चार बच्चों की मौत हुई है। स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि यह बीमारी अब दूर-दराज के इलाकों तक पहुंच गई है, जिससे अस्पतालों पर बोझ बढ़ गया है। अकेले महाखाली के अस्पताल में 21 बच्चों की मौत हुई है। सबसे चिंता की बात यह है कि संक्रमित होने वाले ज्यादातर बच्चे नौ महीने से कम उम्र के हैं, जिन्हें आमतौर पर टीका नहीं लगा होता।

खतरे को देखते हुए कई माता-पिता ने बच्चों को स्कूल या डे-केयर भेजना बंद कर दिया है। हालांकि, स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि जिन बच्चों का पूर्ण टीकाकरण हो चुका है, उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है। डॉक्टरों के अनुसार, चार महीने तक के बच्चों में भी खसरा देखा जा रहा है, जो कि काफी असामान्य है। वर्ष 2025 में बंगलादेश में करीब 44 प्रतिशत बच्चे टीकाकरण के दायरे से बाहर रह गए थे, जिस कारण स्थिति गंभीर हुई है। अब सरकार ने हालात पर काबू पाने के लिए छह महीने से 10 साल तक के बच्चों के लिए विशेष आपातकालीन टीकाकरण अभियान शुरू करने का फैसला किया है।

Next Post

'पंचायत' के छह साल हुए पूरे, प्राइम वीडियो ने आधिकारिक तौर पर किया सीजन 5 का ऐलान

Fri Apr 3 , 2026
मुंबई, 03 अप्रैल (वार्ता) प्राइम वीडियो आज तीन अप्रैल 2020 को ‘पंचायत’ सीजन 1 की लॉन्चिंग के छह साल पूरे होने का जश्न मना रहा है। प्राइम वीडियो ने इस खास मौके पर आधिकारिक तौर पर सीरीज के सबसे ज्यादा इंतज़ार किए जाने वाले ‘सीजन 5’ की शूटिंग शुरू होने […]

You May Like