
दमोह.पुलिस अधीक्षक आनंद कलगी (आईपीएस) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदोरिया के मार्गदर्शन में जिले भर में प्रति सप्ताह कांबिंग गश्त रखी जाती है. इस सप्ताह भी विशेष अभियान चलाकर वारंट तामिली पर जोर दिया गया.
*सीएसपी सहित 4 राजपत्रित अधिकारी मैदान में रहे*
सीएसपी एचआर पांडे ने बताया कि कांबिंग गश्त के दौरान भरण-पोषण के वारंट और स्थाई गिरफ्तारी वारंट की तामिली की गई.जिले के प्रत्येक थाने से 3-3 टीमें लगाई गई थीं.अभियान में कोतवाली पुलिस ने 4 वारंट और दमोह देहात थाना पुलिस ने 5 वारंट तामिल किए. कुल 9 वारंटों पर कार्रवाई हुई.सभी राजपत्रित अधिकारी खुद मैदान में उतरकर कांबिंग गश्त कर रहे हैं.शहर में सीएसपी एचआर पांडे, टीआई कोतवाली मनीष कुमार और देहात थाना प्रभारी अमित गौतम के नेतृत्व में टीमें लगी हुई हैं. ग्रामीण क्षेत्रों में चौकी प्रभारी सागर नाका विक्रम दांगी, चौकी प्रभारी जबलपुर नाका प्रियंका पटेल और चौकी प्रभारी नरसिंहगढ़ रोहित कुमार द्विवेदी पुलिस बल के साथ तैनात हैं.वहीं जिले के पथरिया एसडीओपी प्रिया सिंधी, हटा एसडीओपी सौरभ त्रिपाठी और तेंदूखेड़ा एसडीओपी अर्चना अहीर अपने निरीक्षकों और थाना प्रभारियों के साथ वारंट तामिली में जुटी हुई हैं.
*21 स्थायी और 25 गिरफ्तारी वारंटी दबोचे, 33 गुंडा-बदमाशों की चेकिंग*
दमोह पुलिस ने देर रात्रि चलाए गए विशेष कांबिंग गश्त अभियान में बड़ी कार्यवाही करते हुए 46 वारंटियों को गिरफ्तार किया है.जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में देर रात विशेष कांबिंग गश्त व अपराधियों की धरपकड़ अभियान चलाया गया.अभियान का मुख्य उद्देश्य फरार आरोपियों, वारंटियों, आदतन अपराधियों व असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही कर जिले में कानून व शांति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना था.अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने जिले भर में अपराधियों के संभावित ठिकानों, संवेदनशील क्षेत्रों व संदिग्ध स्थानों पर सघन दबिश दी.पुलिस की सक्रिय कार्यवाही के परिणामस्वरूप अनेक अपराधियों व गुंडा-बदमाशों की जांच व धरपकड़ की गई तथा विभिन्न प्रकरणों में वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की गई.कांबिंग गश्त के दौरान प्रमुख कार्यवाही स्थायी वारंटी गिरफ्तार 21,गिरफ्तारी वारंटी गिरफ्तार 25 और गुंडा बदमाश चेकिंग 33 किए गए.
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (आईपीएस) ने बताया कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे.असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी.
*रात 2 बजे सराफा बाजार का भ्रमण*
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर टीआई कोतवाली मनीष कुमार ने देर रात करीब 2 बजे सराफा बाजार का भ्रमण किया.इस दौरान राइफल के साथ ड्यूटी पर लगे पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और सतर्कता बरतने के निर्देश दिए.
