ट्रम्प ने जिमी लाई को हांगकांग जेल से रिहा कराने का लिया संकल्प

हांगकांग, 15 अगस्त (वार्ता) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने लोकतंत्र समर्थक और बीजिंग की आंखों की किरकिरी उद्योगपति जिमी लाई को हांगकांग की जेल से रिहा कराने का संकल्प दोहराया है जो लगभग दस महीने से हांगकांग की जेल में बंद हैं।

सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, 77 वर्षीय मीडिया दिग्गज अधिकतम सुरक्षा वाली जेल में 1,600 से अधिक दिनों से बंद हैं जिनमें से अधिकांश दिन एकांत कारावास के हैं। वह अपना शेष जीवन वहीं बिताने की संभावना पर भी विचार कर रहे हैं।

श्री ट्रम्प ने पिछले अक्टूबर में एक पॉडकास्ट साक्षात्कार में अपने विशिष्ट आत्मविश्वास का परिचय देते हुए घोषणा की थी, ‘’सौ प्रतिशत मैं उन्हें बाहर निकाल लूंगा। उन्हें बाहर निकालना आसान होगा।‘’

श्री लाई ‘एप्पल डेली’ के मुखर संस्थापक रहे हैं जो एक कट्टर लोकतंत्र समर्थक अखबार था और वर्षों तक चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के खिलाफ तीखी आलोचनाओं के लिए जाना जाता था। बाद में अखबार को जबरन बंद कर दिया गया।

ऐतिहासिक मुकदमे में श्री लाई पर विदेशी ताकतों के साथ मिलीभगत के दो आरोप लगाए गए जो एक ऐसा अपराध है जिसके लिए बीजिंग द्वारा लागू 2020 के राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत आजीवन कारावास की सज़ा हो सकती है। इनके अलावा उन पर राजद्रोह का आरोप भी लगाया गया। हालांकि उन्होंने सभी आरोपों से इनकार किया है।

शुक्रवार को हांगकांग की एक अदालत में भारी बारिश के कारण एक दिन की देरी के बाद बचाव पक्ष और अभियोजकों दोनों की ओर से अंतिम दलीलें सुनी जायेंगी। सुनवाई अगले कई दिनों तक चलने की उम्मीद है और उसके बाद श्री लाई के भाग्य का फैसला आयेगा। यह चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ व्यापार समझौता करने की कोशिश करते हुए श्री ट्रम्प के अपने वादे को पूरा करने के संकल्प का परीक्षण भी होगा।

गुरुवार को फॉक्स न्यूज रेडियो साक्षात्कार में श्री लाई के बारे में पूछे जाने पर श्री ट्रम्प परिणाम के बारे में थोड़ा कम आश्वस्त दिखे लेकिन उन्होंने हर संभव प्रयास करने की कसम खाई। उन्होंने ज़ोर देकर कहा, ‘’मैंने 100 प्रतिशत यह नहीं कहा कि मैं उन्हें बचा लूंगा। मैंने 100 प्रतिशत कहा कि मैं इस मुद्दे को उठाऊंगा और मैं पहले ही इस मुद्दे को उठा चुका हूं और मैं उन्हें बचाने की हर संभव कोशिश करूंगा।‘’

पॉडकास्ट में यह पूछे जाने पर कि क्या वह श्री लाई को देश से बाहर निकालने के लिए राष्ट्रपति शी से बात करेंगे, तो राष्ट्रपति ट्रम्प ने चीन के साथ अमेरिकी व्यापार वार्ता के हिस्से के रूप में श्री लाई का मामला उठाने का वादा किया था।

 

 

Next Post

78 वर्ष की हुयी राखी

Fri Aug 15 , 2025
मुंबई, 15 अगस्त (वार्ता) बॉलीवुड की जानीमानी अभिनेत्री राखी आज 7 वर्ष की हो गयी। राखी मूल नाम राखी मजूमदार का जन्म 15 अगस्त 1947 को पश्चिम बंगाल के नादिया जिले के राणाघाट में हुआ था। बतौर अभिनेत्री उन्होंने अपने सिने करियर की शुरूआत वर्ष 1967 में प्रदर्शित बंगला फिल्म […]

You May Like