
नयी दिल्ली 07 अप्रैल (वार्ता) दुबई के शहजादे और रक्षा मंत्री शेख हमदान बिन मोहम्मद अल मकतूम कल से भारत की दो दिन की यात्रा पर आएंगे।
दुबई के शहजादे के रूप में शेख हमदान की यह पहली आधिकारिक भारत यात्रा होगी। उनके साथ कई मंत्री, वरिष्ठ सरकारी अधिकारी और एक उच्च स्तरीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल भी होगा। यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर हो रही है।
एक बयान में कहा गया है कि मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शहजादे के सम्मान में भोज का आयोजन करेंगे। शहजादे मकतूम विदेश मंत्री एस जयशंकर और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ भी बैठक करेंगे। यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कोलंबो यात्रा और श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके के साथ उनकी वार्ता के दो दिन बाद हो रही है। इस यात्रा के दौरान दोनों पक्षों ने त्रिंकोमाली को ऊर्जा केंद्र में बदलने के लिए संयुक्त अरब अमीरात के साथ एक त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए थे।
शहजादे और अन्य गणमान्य व्यक्ति बाद में मुंबई जाएंगे। मुंबई में वह दोनों देशों के प्रमुख व्यापारिक नेताओं के साथ एक व्यापार गोलमेज सम्मेलन में भी भाग लेंगे। इस बातचीत का उद्देश्य पारंपरिक और भविष्य के क्षेत्रों में भारत-यूएई आर्थिक और वाणिज्यिक सहयोग को मजबूत करना है। दुबई ने परंपरागत रूप से यूएई के साथ भारत के वाणिज्यिक, सांस्कृतिक और लोगों के बीच आदान-प्रदान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। संयुक्त अरब अमीरात में भारत के लगभग 43 लाख प्रवासी दुबई में काम करते हैं। बयान में कहा गया है कि शहजादे की यात्रा भारत-यूएई व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करेगी तथा दुबई के साथ बहुआयामी संबंधों को मजबूत करेगी।
