भारत के निर्यात में बढ़ोतरी, एक अच्छा संकेत

वैश्विक अर्थव्यवस्था इस समय अनिश्चितताओं के भंवर में फँसी है. अमेरिका-चीन तनाव, संरक्षणवादी नीतियां, ऊंचे ब्याज दरों का दबाव और पश्चिमी देशों में मंदी की आशंकाएं,इन सबके बीच भारत से आई एक खबर न केवल राहत देती है, बल्कि भरोसा भी जगाती है. नवंबर 2024 में भारत का माल निर्यात 19.37 प्रतिशत की ऐतिहासिक बढ़ोतरी के साथ 38.13 अरब डॉलर तक पहुँचना, बीते दस वर्षों का सर्वोच्च स्तर है. यह आंकड़ा केवल सांख्यिकीय उपलब्धि नहीं, बल्कि भारतीय अर्थव्यवस्था के लचीलेपन और आत्मविश्वास का प्रमाण है. इस उपलब्धि को और भी उल्लेखनीय बनाता है वह संदर्भ, जिसमें यह हासिल हुई है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा लगाए गए 50 प्रतिशत टैरिफ जैसे कड़े व्यापारिक अवरोधों के बावजूद भारतीय निर्यातकों ने न केवल चुनौती स्वीकार की, बल्कि उसे अवसर में भी बदला. यह साफ संकेत है कि भारत अब केवल सस्ते श्रम या कच्चे माल का निर्यातक नहीं रहा, बल्कि गुणवत्ता, विविधता और विश्वसनीयता के दम पर वैश्विक बाज़ार में अपनी जगह बना रहा है.

भारतीय निर्यात की इस मजबूती के पीछे तीन अहम कारण स्पष्ट रूप से उभरते हैं. पहला, उत्पाद और बाज़ारों की विविधता. पारंपरिक बाज़ारों पर निर्भरता घटाकर भारत ने अफ्रीका, लैटिन अमेरिका, पश्चिम एशिया और दक्षिण-पूर्व एशिया जैसे उभरते क्षेत्रों में अपनी मौजूदगी बढ़ाई है. फार्मा, इंजीनियरिंग गुड्स, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटो कंपोनेंट्स और केमिकल्स जैसे क्षेत्रों में निर्यात का विस्तार इसका प्रमाण है.दूसरा, सरकारी नीतिगत समर्थन. उत्पादन-लिंक्ड प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना ने घरेलू विनिर्माण को नई ऊर्जा दी है. ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ अब केवल नारे नहीं, बल्कि ज़मीन पर दिखने वाले परिणाम बनते जा रहे हैं. बेहतर लॉजिस्टिक्स, तेज़ क्लियरेंस और निर्यातकों के लिए आसान क्रेडिट व्यवस्था ने प्रतिस्पर्धा की लागत को भी घटाया है.तीसरा और सबसे महत्वपूर्ण पहलू है गुणवत्ता पर बढ़ता फोकस. भारतीय उत्पाद अब अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरे उतर रहे हैं. यही कारण है कि ऊंचे टैरिफ और वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद भारतीय सामान वैश्विक खरीदारों का भरोसा जीत पा रहा है.

निर्यात वृद्धि के साथ व्यापार घाटे में कमी इस सफलता को और गहराई देती है. नवंबर में व्यापार घाटा घटकर 24.53 अरब डॉलर पर आना और पिछले पांच महीनों में सबसे कम होना,अर्थव्यवस्था के लिए दोहरी राहत है. इससे रुपये पर दबाव कम होता है, विदेशी मुद्रा भंडार को स्थिरता मिलती है और समग्र आर्थिक स्वास्थ्य मजबूत होता है. कुल मिलाकर ये आंकड़े बताते हैं कि भारत की अर्थव्यवस्था अब वैश्विक झटकों से डरने वाली नहीं रही. मजबूत नीतियां, आत्मविश्वासी उद्योग और दूरदर्शी रणनीति ने भारत को उस मुकाम पर खड़ा किया है, जहां विपरीत परिस्थितियां भी उसकी रफ्तार नहीं रोक पा रहीं. यह उपलब्धि केवल वर्तमान की सफलता नहीं, बल्कि भविष्य की विकास यात्रा का भरोसेमंद संकेत है कि एक ऐसा भारत, जो अपने दम पर आगे बढऩा जानता है. जाहिर है निर्यात में बढ़ोतरी भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए अच्छा संकेत माना जाना चाहिए.

 

 

Next Post

एडीजे व सीजेएम ने किया केन्द्रीय जेल का निरीक्षण

Wed Dec 17 , 2025
सतना: केन्द्रीय जेल सतना में मंगलवार को मुकेश सिंह चौहान जिला न्यायाधीश सतना एवं प्रवीण कुमार सोंधिया मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जिला सतना द्वारा भ्रमण / निरीक्षण किया गया।न्यायाधीशों द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग, कारखाना, पाकशाला का भ्रमण / निरीक्षण किया गया। नवीन खण्ड में दीवारों पर की जा रही चित्रकारी एवं अनुपयोगी […]

You May Like