
ग्वालियर। उपनगर ग्वालियर के वार्ड 6 में चार शहर के नाके से सागर ताल रोड तक साफ सफाई की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। निगम के कचरा उठाने वाले वाहन केवल खानापूर्ति कर रहे हैं। मुख्य सड़क पर रास्ते पर पॉलीथिन एवं कचरे के बड़े ढेर लगे है। यहां कचरे के साथ पॉलीथिन व अमानक प्लास्टिक कैरीबेग पड़े हुए है। जिनसे दिन रात वहां से निकलने वालों को परेशानी उठानी पड़ रही है। बदबू के कारण बीमारियों के फैलने का भी हर वक्त डर लगा रहता है। लोग कह रहे हैं ऐसे समय अगर कोई बीमार हो गया तो अस्पताल के चक्कर लगाने पड़ जाएंगे। निगम की ऐसी लापरवाही के कारण लोगों में भय की स्थिति बनी हुई है। वहीं वहां पड़े हुए पड़ी हुई अमानत पॉलीथिन को आवारा मवेशी खा रहे है। जिससे उनकी जान खतरे में आ रही है। इस मार्ग से कई नेता, पार्षद एवं अफसर प्रतिदिन निकलते हैं, लेकिन इस ओर किसी भी ध्यान नहीं जाता है। गरीब बस्तियां होने के साथ ही यहां कुछ पॉश कॉलोनियां भी है। फिर भी निगम कर्मचारी लापरवाही करने से चूक नहीं रहे। स्थानीय निवासी योगेश निनोरिया का कहना है कि कई बार नगर निगम के कर्मचारियों को यहां सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए फरियाद की गई है, तब भी हालात जस के तस बने हुए हैं।
