इंदौर: जीआरपी की तत्परता से एक यात्री का लाखों रुपए के जेवरों से भरा बैग कुछ ही घंटों में सुरक्षित वापस मिल गया. ट्रेन में छूटे बैग को महू स्टेशन पर बरामद कर यात्री को सुपुर्द किया.जीआरपी पुलिस ने बताया कि प्रयागराज एक्सप्रेस के कोच एस-2 की बर्थ नंबर 33-34 पर एक यात्री का नीले रंग का ट्रॉली बैग और एक अन्य बैग छूटने की सूचना जीआरपी इंदौर से जीआरपी चौकी डॉ. अंबेडकर नगर (महू) को दी थी.
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए ट्रेन के महू स्टेशन पहुंचते ही संबंधित कोच की जांच की और दोनों बैग सुरक्षित बरामद कर लिए. इसके बाद इंदौर जीआरपी पुलिस ने यात्री से संपर्क किया. फरियादी मुकेश कुमार प्रजापत उम्र 32 साल निवासी राऊ, इंदौर चौकी पहुंचे, जहां सत्यापन के बाद उन्हें उनका सामान विधिवत सुपुर्द किया.
बैग में रखे थे 57 ग्राम सोने के जेवर
बरामद बैग में करीब 57 ग्राम सोने के जेवर, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 8.50 लाख रुपए है, के साथ 9 हजार रुपए नगद और अन्य आर्टिफिशियल ज्वेलरी सुरक्षित मिली. अपना कीमती सामान सही सलामत मिलने पर यात्री ने जीआरपी पुलिस की ईमानदारी और त्वरित कार्रवाई की सराहना की
