कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय का किया आकस्मिक निरीक्षण, मरीजों एवं परिजनों से की चर्चा

सीधी। कलेक्टर विकास मिश्रा ने आज शनिवार को जिला चिकित्सालय सीधी का आकस्मिक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, ओपीडी, दवा वितरण केन्द्र, भर्ती कक्ष एवं अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधे चर्चा कर उपचार सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।

कलेक्टर ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से बातचीत कर चिकित्सकीय उपचार, दवाइयों की उपलब्धता, साफ-सफाई एवं डॉक्टरों की उपस्थिति के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने मरीजों के परिजनों से भी चर्चा कर अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं एवं समस्याओं के बारे में पूछा। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर विकास मिश्रा ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था, पेयजल, शौचालय एवं वार्डों में स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देशित किया कि मरीजों को समय पर उपचार एवं दवाइयां उपलब्ध कराई जाएं तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य अमले को निर्देश दिए कि मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित किया जाए तथा गंभीर मरीजों का प्राथमिकता से उपचार किया जाए। उन्होंने अस्पताल में आने वाले मरीजों को अनावश्यक परेशानियों से बचाने एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर बल दिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं एवं व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। इस दौरान अस्पताल के चिकित्सक, स्वास्थ्य अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने लालता चौक का किया आकस्मिक निरीक्षण, श्रमिकों से संवाद कर जानी समस्याएं

कलेक्टर विकास मिश्रा द्वारा शनिवार को शहर के लालता चौक स्थित श्रमिक एकत्रीकरण स्थल का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वहां मौजूद श्रमिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, कार्य परिस्थितियों एवं शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर ने श्रमिकों से चर्चा करते हुए पूछा कि उन्हें श्रम विभाग एवं शासन द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त हो रही है या नहीं तथा वे योजनाओं का लाभ ले पा रहे हैं या नहीं। कई श्रमिकों ने योजनाओं की जानकारी सीमित होने की बात कही, जिस पर कलेक्टर ने अधिकारियों को श्रमिकों तक योजनाओं की जानकारी प्रभावी तरीके से पहुंचाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर विकास मिश्रा ने श्रम अधिकारी आकांक्षा पाठक को निर्देशित किया कि श्रमिक बाहुल्य क्षेत्रों में नियमित रूप से विशेष शिविरों का आयोजन किया जाए, ताकि असंगठित श्रमिकों का पंजीयन कर उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं से जोड़ा जा सके। उन्होंने कहा कि श्रमिकों को श्रमिक कार्ड, आयुष्मान योजना, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, प्रसूति सहायता, शिक्षा सहायता एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से उपलब्ध कराया जाए। कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए व्यापक अभियान चलाया जाए, जिससे श्रमिक वर्ग जागरूक होकर अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सके।

Next Post

मनमानी: निर्देश के बाद भी अघोषित बस स्टैण्ड बना सम्राट चौक

Sat May 9 , 2026
सीधी। कलेक्टर के आदेश पर बस संचालकों की बैठक में जिला परिवहन अधिकारी एवं यातायात थाना प्रभारी के निर्देश का खुलेआम उल्लघंन किया जा रहा है। निर्देश के बाद भी सम्राट चौक अघोषित बस स्टैण्ड बना हुआ है। गौरतलब है कि कलेक्टर विकास मिश्रा द्वारा दिनांक 20 अप्रैल 2026 को […]

You May Like