मनमानी: निर्देश के बाद भी अघोषित बस स्टैण्ड बना सम्राट चौक

सीधी। कलेक्टर के आदेश पर बस संचालकों की बैठक में जिला परिवहन अधिकारी एवं यातायात थाना प्रभारी के निर्देश का खुलेआम उल्लघंन किया जा रहा है। निर्देश के बाद भी सम्राट चौक अघोषित बस स्टैण्ड बना हुआ है।

गौरतलब है कि कलेक्टर विकास मिश्रा द्वारा दिनांक 20 अप्रैल 2026 को नवीन व पुराने बस स्टैण्ड का भ्रमण किया गया था। उक्त भ्रमण के दौरान बस स्टैण्ड के सुचारू संचालन हेतु विभिन्न दिशा-निर्देश प्रदाय किये गये थे। इसी तारतम्य में जिला परिवहन कार्यालय सीधी में 21 अप्रैल 2026 को समस्त बस संचालकों की बैठक आयोजित की गई। उक्त बैठक में जिला परिवहन अधिकारी, यातायात प्रभारी व बस एसोसिएशन के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। वहीं बस संचालकों को बस स्टैण्ड से बस निकालने के बाद जगह-जगह खड़ा नहीं किये जाने के निर्देश दिये गये थे। जिससे शहर में जाम की स्थिति निर्मित नहीं हो। खासतौर पर सम्राट चौराहे में बस का अवैध स्टापेज बनाने को लेकर मना किया गया था। फिर भी यह देखा जा रहा है कि बस स्टैण्ड से बसों के अपने निर्धारित रूट पर रवाना होने के साथ ही उनके जगह-जगह रूकने का सिलसिला पूर्व की तरह चल रहा है। हैरत की बात तो यह है कि बैठक में दिये गये निर्देश का पालन हो रहा है या नहीं इसको जानने की जरूरत संबंधित विभागों के अमले ने नहीं समझी। लिहाजा बस स्टैण्ड के मुख्य द्वार से बस के निकलने के साथ ही शहरी क्षेत्र में जगह-जगह रूक कर सवारियों को चढ़ाने का कार्य किया जा रहा है। सबसे ज्यादा अव्यवस्था स्थानीय सम्राट चौक में देखी जा रहा है। यहां बस कर्मियों द्वारा मनमानी तौर पर बस खड़ी करके यात्रियों को चढ़ाने और उतारने का काम पूर्व की तरह किया जा रहा है। सम्राट चौक जैसे व्यस्ततम मार्ग में बसों के खड़े होने के कारण जहां सडक़ हादसे का अंदेशा बना रहता है वहीं कई बार जाम की स्थिति भी निर्मित हो जाती है।

शहर की आतंरिक सडक़ों में खड़ी की जाती हैं बसें

शहर की आंतरिक सडक़ों में भी घंटो बसें खड़ी नजर आती हैं। आंतरित सडक़ों में अधिकांशत: ऐसी बसें खड़ी हो रही हैं जो सुबह जिला मुख्यालय में सवारी लेकर आती हैं और शाम को फिर से अपने निर्धारित रूट के लिये रवाना होती हैं। इसके अलावा रात में यहां रूकने वाली कई बसें आंतरिक सडक़ों में ही खड़ी होती हैं। शहरी क्षेत्र की अधिकांश सडक़ें इस वजह से बसों का अघोषित रूप से स्टैण्ड बनी हुई हैं।

००

चालान के बाद भी मनमानी करते हैं बस आपरेटर

शहर के सबसे व्यस्ततम माने जाने वाले सम्राट चौक में मनमानी तौर पर खड़ी होने वाले बसों का चालान भी पूर्व में कट चुका है। फिर भी बस आपरेटर सवारी चढ़ाने के लिये मनमानी करने से बाज नहीं आ रहे हैं। सम्राट चौक से गुजरने वाली सभी बसें मनमानी तौर पर सवारी चढ़ाने और उतारने के लिये सम्राट चौक में रूकती हैं। बस आपरेटर्स की निर्देशों के बावजूद बनी मनमानी पर तभी अंकुश लग सकता है जब बसों का मोटा चालान होने के साथ ही परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस द्वारा जब्ती की कार्रवाई भी की जाय।

००

दुर्घटनाओं को आमंत्रण दे रही हैं सडक़ किनारे खड़ी बसें

शहर के सडक़ के किनारे खड़ी होने वाली बसें दुर्घटनाओं को खुलेआम आमंत्रण देती हैं। खासतौर पर सम्राट चौक के व्यस्ततम क्षेत्र होने के कारण यहां वाहनों की आवाजाही लगातार होती हैं। ऐसे में यहां खड़ी होने वाली बसें किसी भी दिन बड़े दुर्घटना को आमंत्रण दे सकती हैं। ऐसे में परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस को अभियान चलाकर लगातार सम्राट चौक में रूकने वाली बसों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई करनी चाहिये। अभी तक आभाष हो रहा है कि बैठक में दिये गये निर्देश का पालन करने की जरूरत नहीं समझी जा रही है।

००

इनका कहना है

सम्राट चौक में ज्यादा समय तक बस खड़ी नही करने के निर्देश बस संचालकों को दिये गये हैं। यदि का पालन नही हो रहा है तो परिवहन एवं यातायात पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से जांच कर कड़ी कार्यवाही की जायेगी।

अरविंद भदौरिया, जिला परिवहन अधिकारी-सीधी

सम्राट चौक में खड़ी होने वाली बसों की पूर्व में भी चालानी कार्यवाई की गई है। बैठक में दिये गये निर्देशों का पालन न करने पर परिवहन विभाग के साथ अब कड़ी कार्रवाई की जावेगी।

भूपेश वैस, थाना प्रभारी यातायात सीधी

Next Post

तार चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, तीन आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Sat May 9 , 2026
भोपाल। बैरसिया थाना पुलिस ने तार चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया. आरोपियों के पास से पुलिस ने करीब 17 लाख रुपए के चोरी के बिजली के तार और एक महंगी कार जब्त किया है. पुलिस के मुताबिक बीते गुरूवार को फरियादी ब्रजकिशोर सिंह निवासी बैरसिया ने थाने में […]

You May Like