
सीधी। राष्ट्रीय राजमार्ग-39 बहरी बाईपास पर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल के बाहर बड़ा हादसा हो गया। टेंट से लदा ट्रक सड़क किनारे खड़ा था, तभी तेज रफ्तार बुलेरो उसमें पीछे से घुस गई। हादसे में मृतकों की संख्या चार हो गई है। गुरुवार को शोएब (18) निवासी राहतगढ़, गीता जायसवाल (55), धर्मेंद्र जायसवाल (जेठुला) की मौत हुई थी, जबकि शुक्रवार को गंभीर रूप से घायल प्रिंस जायसवाल (28) ने रीवा मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया। अनय जायसवाल (20) और बालकृष्ण प्रजापति (30) का इलाज जारी है। जेठुला गांव के तीन लोगों की मौत से गांव में गहरा मातम है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के समय मौके पर कलेक्टर, एसपी सहित कई अधिकारी मौजूद थे, जिन्होंने तुरंत घायलों को अस्पताल भिजवाया। पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल ने मृतकों के परिजनों को 50-50 लाख और घायलों को 25-25 लाख मुआवजा देने की मांग की है।
