सिंगरौली । कलेक्टर गौरव बैनल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने जिले में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने, लंबित शिकायतों के निराकरण, विकास कार्यों की प्रगति, छात्रावासों की व्यवस्थाओं तथा मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी त्योहारों के दृष्टिगत अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक आयोजित कर कानून एवं व्यवस्था बनाए रखना सुनिश्चित करें। संबंधित थाना स्तर पर भी शांति समिति की बैठक आयोजित की जाए।
उन्होंने बेदखली एवं विवादित रास्तों से संबंधित आदेशों का पालन सुनिश्चित कराने तथा रास्तों पर अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देशित किया। साथ ही स्वामित्व योजना के अंतर्गत पट्टों के पंजीयन की कार्रवाई निरंतर जारी रखने और सभी पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार नि:शुल्क पट्टा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जिले में संचालित छात्रावासों एवं आश्रमों की व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण कराने के लिए अधिकारियों को संस्थान आवंटित कर निरीक्षण करने के निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने आवंटित छात्रावासों एवं आश्रमों में मूलभूत सुविधाओं, स्वच्छता, स्वास्थ्य, सुरक्षा व्यवस्था तथा अधोसंरचना की स्थिति का परीक्षण कर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करें।
शिक्षा परिसर में पेयजल उपलब्ध कराएंं
उन्होंने कन्या शिक्षा परिसर बरगवां में पंप के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देशित किया लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री को दिए। साथ ही छात्रावासों में डीएमएफ मद से उपलब्ध कराई गई रोटी मेकर मशीनों का भौतिक सत्यापन कराने के लिए जांच दल गठित करने के निर्देश दिए। निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने ननि आयुक्त को मॉडल रोड निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा योजनाबद्ध तरीके से निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण कराने के निर्देशित किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री को मेडिकल कॉलेज सड़क निर्माण कार्य समय-सीमा में पूर्ण कराने के लिए निर्देशित किया। इस दौरान विभाग प्रमुख एवं उपखंड अधिकारी मौजूद रहे।
