नयी दिल्ली, 18 दिसंबर (वार्ता) शूटिंग लीग ऑफ इंडिया (एसएलआई) ने गुरुवार को अगले वर्ष 16 से 26 फरवरी तक चलने वाले अपने पहले सीजन के लिए उत्तर प्रदेश की फ्रेंचाइजी यूपी प्रोमेथियंस को लीग में शामिल करने की घोषणा की।
आज यहां इस अवसर पर लीग में यूपी प्रोमेथियंस का स्वागत करते हुए, नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनआरएआई) के अध्यक्ष कलिकेश नारायण सिंह देव ने कहा, “हमें शूटिंग लीग ऑफ इंडिया परिवार में यूपी प्रोमेथियंस का स्वागत करते हुए खुशी हो रही है। उत्तर प्रदेश में खेल की अपार क्षमता है और एक मजबूत शैक्षिक और विकासात्मक दर्शन वाली फ्रेंचाइजी के आने से लीग को बहुत फायदा होगा। बुनियादी ढांचे और शिक्षा के माध्यम से अवसर पैदा करने की मुकेश शर्मा की प्रतिबद्धता एसएलआई के विजन के साथ पूरी तरह से मेल खाती है। एक स्थायी इकोसिस्टम बनाना जो प्रतिभा को पोषित करे, युवाओं को प्रेरित करे, और भारतीय शूटिंग को अगले स्तर पर ले जाए।”
लीग में प्रवेश को लेकर फ्रेंचाइजी यूपी प्रोमेथियंस के मालिक मुकेश शर्मा ने कहा, “शूटिंग भारत के सबसे मजबूत ओलंपिक खेलों में से एक है और उत्तर प्रदेश में इस सफर में बहुत बड़ी भूमिका निभाने की प्रतिभा और क्षमता है। यूपी प्रोमेथियंस के जरिए, हमारा मकसद एक स्ट्रक्चर्ड, प्रोफेशनल प्लेटफॉर्म बनाना है जहां एथलीटों को सही इंफ्रास्ट्रक्चर, कोचिंग और कॉम्पिटिटिव एक्सपोजर के साथ सपोर्ट मिले। शूटिंग लीग ऑफ इंडिया इकोसिस्टम को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, और मुझे इस पहले सीजन का हिस्सा बनकर खुशी हो रही है।”
