
नयी दिल्ली, 09 सितंबर (वार्ता) दिल्ली पुलिस ने केंद्रीय जिले के करोल बाग थाना की एक टीम ने 30 लाख रुपए मूल्य के 385 मोबाइल फोन की कूरियर पार्सल चोरी का 18 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया है। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि 376 चोरी गए मोबाइल फोन और एक ई-रिक्शा बरामद हो गया है।
पुलिस ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच करके और गुप्त मुखबिरों की मदद से आरोपियों का पता लगा लिया है।
उपायुक्त निधिन वाल्सन ने सोमवार को बताया कि छह सितंबर को करोल बाग थाने में एक ई-एफआईआर दर्ज की गई, जिसमें बिहार के सीवान के एक मोबाइल व्यापारी ने शिकायत की थी। व्यापारी ने बताया कि पिछले 8-10 साल से वह मोबाइल की दुकान चला रहा है। स्टॉक खरीदने के लिए उसने 31 अगस्त को करोल बाग, दिल्ली के थोक व्यापारियों से 385 नए मोबाइल फोन ऑर्डर कर लिए थे। उसने कूरियर के जरिए इन चार पार्सलों को बुक कर दिया, और थोक व्यापारी ने चार पार्सल कूरियर ड्राइवर अभिषेक सिंह को ई-रिक्शा से नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन तक ले जाने के लिए सौंप दिए थे, जहां से वैशाली एक्सप्रेस से भेजा जाना था।
लेकिन सीवान पहुंचने पर जब व्यापारी ने पार्सल खोले, तो उनमें मोबाइल के बजाय केवल कार्डबोर्ड और कचरा कागज मिला।
इस गंभीर अपराध को देखते हुए करोल बाग थाने की एक विशेष टीम का गठन किया गया, टीम ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपियों और ई-रिक्शा की गतिविधियों को ट्रैक कर लिया। गत छह सितंबर को एक टिप के आधार पर टीम ने छापेमारी कर भाइयों विकास और अभिषेक सिंह को गिरफ्तार कर लिया, जो कूरियर पार्सल चोरी में शामिल थे। उनकी तलाशी में छह बक्सों में 376 चोरी गए मोबाइल फोन और एक ई-रिक्शा बरामद हो गया।
पूछताछ में विकास सिंह बता रहा है कि वह करोल बाग में ई-रिक्शा चालक था, जबकि उसका बड़ा भाई अभिषेक एक कूरियर कंपनी में ड्राइवर था। आर्थिक तंगी के कारण विकास ने अपने मित्र किशन चौहान (वर्तमान में फरार) के साथ कीमती कूरियर पार्सल चुराने की साजिश रची। उन्होंने चार नकली पार्सल तैयार कर लिए, जिनमें कचरा सामग्री भरी गई। 31 अगस्त को झंडेवालान के पास उन्होंने चोरी को अंजाम दे दिया। विकास ने नकली चाबी से अभिषेक के वाहन का ताला खोला और असली पार्सल को नकली से बदलकर अपने ई-रिक्शा में लाद लिया, जिसमें किशन और एक अन्य साथी ने मदद की। चोरी के सामान को करोल बाग के एक ठिकाने पर ले जाकर चार पार्सल को छह बक्सों में 385 मोबाइल फोन में पैक कर लिया गया, जिसमें से किशन ने नौ फोन ले लिए।
आज टीम ने अशोक पहाड़ी, झंडेवालान में किशन को पकड़ लिया और जांच के बाद उसके साथी चेतन झा को उत्तम नगर पूर्व से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस बाकी चोरी की संपत्ति की बरामदगी के लिए प्रयासरत है।
