ग्रेटर नोएडा, 07 जून (वार्ता) उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा बीटा-दो थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुयी मुठभेड़ में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने बताया गया कि बीटा-दो थाना पुलिस टीम स्थानीय इंटेलिजेंस की सहायता से ढकिया बाबा गोल चक्कर के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रुकने का संकेत दिया गया। पुलिस को देखकर बाइक सवार बदमाशों ने रुकने के बजाय मोटरसाइकिल तेज गति से दौड़ा दी और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करते हुए भागने लगे।
पुलिस टीम ने बदमाशों का पीछा किया। इस दौरान आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया, जबकि उसका साथी अंधेरे और मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस द्वारा कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है।
घायल बदमाश की पहचान राजेन्द्र उर्फ लल्लू उर्फ लीलू (26) पुत्र राधेश्याम निवासी खुशियाल टोला, थाना पटेरवा, जिला गोरखपुर तथा वर्तमान निवासी साइट-5, कासना, ग्रेटर नोएडा के रूप में हुई है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा थाना कासना क्षेत्र से चोरी की गई अपाचे मोटरसाइकिल, लूटी गई एक सोने की चेन और स्नैचिंग की घटनाओं से जुड़े तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी और उसका साथी राह चलते लोगों को निशाना बनाकर अवैध हथियारों के बल पर चेन और मोबाइल फोन लूटने की घटनाओं को अंजाम देते थे।
पुलिस के अनुसार दोनों ने एक जून को गांव नवादा में एक व्यक्ति से सोने की चेन छीनने की घटना को अंजाम दिया था। इस संबंध में थाना बीटा-दो में मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम और अन्य गंभीर धाराओं में कुल 28 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसका आपराधिक इतिहास वर्ष 2019 से लगातार सक्रिय रहा है। बीटा-दो, सूरजपुर, कासना, फेस-दो, ईकोटेक तृतीय, नॉलेज पार्क और बादलपुर थानों में उसके खिलाफ कई संगीन मामले दर्ज हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी एक शातिर स्नैचर और लुटेरा है, जो अपने साथी के साथ मिलकर राहगीरों को निशाना बनाता था। फरार आरोपी की तलाश जारी है और उसके जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है। पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन और सोने की चेन के संबंध में भी आगे की जांच कर रही है, ताकि अन्य वारदातों का खुलासा किया जा सके।
