
रतलाम। मध्यप्रदेश शासन के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य काश्यप के मार्गदर्शन में शनिवार को शहर के कम्युनिटी हॉल में आयुष्मान वय वंदना योजना के अंतर्गत कार्ड वितरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न क्षेत्रों से आए 130 वृद्धजनों के आयुष्मान कार्ड बनाकर उन्हें वितरित किए गए।
महापौर प्रहलाद पटेल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास और अधोसंरचना के क्षेत्र में अनेक जनहितकारी योजनाएं लागू हुई हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मंत्री चैतन्य काश्यप प्रदेश के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं तथा प्रधानमंत्री आवास योजना, सांदीपनी विद्यालय, संजीवनी क्लीनिक और आयुष्मान भारत योजना इसके प्रमुख उदाहरण हैं।
रतलाम विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष मनोहर पोरवाल ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से पात्र नागरिकों को 5 लाख तक के निशुल्क उपचार की सुविधा मिल रही है, जिससे आम लोगों को बड़ी राहत मिली है। भाजपा जिला महामंत्री जयवंत कोठारी ने शिविर को वृद्धजनों के लिए सेवा का महत्वपूर्ण कार्य बताते हुए मेडिकल कॉलेज रतलाम में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की भी सराहना की। सीएमएचओ डॉ. किरण वाडिवा ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी नागरिक पात्र हैं और उन्हें अपने नजदीकी केंद्र पर जाकर आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवाना चाहिए, ताकि जरूरत पडऩे पर 5 लाख तक के निशुल्क उपचार का लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में स्वागत भाषण मयूर पुरोहित ने दिया। शिविर के दौरान कॉमन सर्विस सेंटर संचालक अमित शाह, तरुण शर्मा, अंशुमन सोनी और विकास पुरोहित का आयुष्मान कार्ड निर्माण में योगदान के लिए जनप्रतिनिधियों ने सम्मान किया।
